पांच राज्यों में बजा विधानसभा चुनावों का बिगुल: सात चरणों में होगा मतदान

भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उत्तर प्रदेश, पंजाब सहित पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि उत्तर प्रदेश में 403 सीटों के लिए 7 चरणों में मतदान होगा। उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए 1 चरण में चुनाव होंगे। पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर 1 चरण में मतदान कराया जाएगा। गोवा में भी 40 विधानसभा सीटों के लिए भी 1 चरण में ही वोट डाले जाएंगे। मणिपुर में 60 सीटों पर 2 चरण में चुनाव कराए जाएंगे। वहीं 10 मार्च को मतगणना की जाएगी।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहले चरण का मतदान 10 फरवरी, दूसरा चरण 14 फरवरी, तीसरा चरण 20 फरवरी, चौथा चरण 23 फरवरी, पांचवा चरण 27 फरवरी, छठा चरण 3 मार्च, सातवां चरण 7 मार्च को होगा। इसके अलावा 14 फरवरी को उत्तर प्रदेश के साथ ही पंजाब, गोवा और उत्तराखंड में मतदान होगा। वहीं मणिपुर में 27 फरवरी और 3 मार्च को दो चरणों में वोट डाले जाएंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 15 जनवरी 2022 तक किसी भी रोड शो, पदयात्रा, साइकिल रैली, बाइक रैली और जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी। चुनाव आयोग स्थिति की समीक्षा करेगा और बाद में नए निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि घर-घर प्रचार में भी 5 लोग ही शामिल हो सकेंगे। उम्मीदवार सुविधा एप के जरिए ऑनलाइन नामांकन भी कर सकते है।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि 24.9 लाख मतदाता पहली बार वोट करेंगे। कुल 18.30 करोड़ मतदाता पांच राज्यों में वोट डालेंगे। पोलिंग स्टेशन में 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। 80 साल से ज्यादा उम्र के मतदाताओं को पोस्टल बैलेट की सुविधा दी जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने बताया कि सर्विस मतदाता को​ मिलाकर 18.34 करोड़ मतदाता इस चुनाव में शामिल होंगे, जिनमें से 8.55 करोड़ महिला मतदाता हैं।