देश विरोधी गुप्तचर गैंग से मिलाया कांग्रेस ने हाथ: सीएम चौहान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में कांग्रेस पार्टी को जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि आज सारा देश यह जानना चाहता है कि धारा 370 की समाप्ति का विरोध करने वालों और आतंकवाद को बढ़ावा देकर जम्मू-कश्मीर की फिज़ा में ज़हर घोलने वालों के साथ हाथ में हाथ डालकर कांग्रेस पार्टी क्यों खड़ी है?

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने जिस गुपकार गैंग के साथ हाथ मिलाया है, वह वास्तव में गुप्तचर गैंग है! ये पाकिस्तान और चीन के गुप्तचर हैं। कांग्रेस ने तो हमेशा ही देशविरोधी ताकतों का साथ दिया है। गुपकार गैंग के लोगों ने ज़िंदगी भर जम्मू-कश्मीर को लूटा है!

मुख्यमंत्री चौहान ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारुख अब्दुल्ला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गुपकार घोषणापत्र गठबंधन का हिस्सा है और ज़िला विकास परिषद के चुनाव कांग्रेस गुपकार गठबंधन के साथ लड़ेगी। धारा 370 को लेकर कांग्रेस का क्या दृष्टिकोण है, मैडम सोनिया गांधी स्पष्ट करें!

उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू जी ने कश्मीर में धारा 370 लागू करवाई! पंडित नेहरू जी ने एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान की व्यवस्था की जिससे कश्मीर भारत से समरस नहीं हुआ। पंडित नेहरू जी कश्मीर मुद्दे को संयुक्त राष्ट्र संघ में ले गए और जनमत संग्रह तक की बात कही!

सीएम चौहान ने कहा कि अब्दुलाओं, मुफ्तियों और एक गांधी परिवार की लूट की दुकान आर्टिकल 370 की समाप्ति के बाद बंद हो गई थी। अब ये फिर से जम्मू-कश्मीर की हवा में ज़हर घोलने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मैडम सोनिया गांधी जवाब दें, क्यों कांग्रेस के नेता आर्टिकल 370 समाप्त होने का विरोध कर रहे हैं। देशविरोधी ताकतों के साथ कांग्रेस हमेशा क्यों खड़ी होती है? कांग्रेस गुपकार अलायंस के साथ है या नहीं, यह स्पष्ट करें!

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि जो ऐतिहासिक भूल पंडित जवाहरलाल नेहरू ने कश्मीर को लेकर की थी, भाजपा ने उसे सुधारने का प्रण लिया था और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 को समाप्त कर उस प्रण को पूरा किया।