चीनी अखबार के ट्वीट से उजागर हुआ कांग्रेस का षडयंत्र: भाजपा

चीन सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स में छपे एक आर्टिकल के बाद भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर करारा हमला बोला है।

चीन सरकार के अखबार ग्लोबल टाइम्स ने एक ट्वीट करते हुए आर्टिकल का लिंक साझा किया था। इस ट्वीट में ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है कि ‘चीन के साथ सीमा तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा का भारी दबाव है औऱ लोग घरेलू मोर्चे पर उनके शासन तथा उनकी जोखिम भरी विदेश नीति की आलोचना कर रहे हैं। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस सरकार को हिलाने की ताक में है।’

चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स के इस ट्वीट के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने तत्काल कांग्रेस पर निशाना साधा और चीन की सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी और कांग्रेस पार्टी के बीच हुए MoU को एक षडयंत्र बताया, जो आज उजागर हो गया।

चीन के अखबार ग्लोबल टाइम्स के इस ट्वीट पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने रिट्वीट करते हुए लिखा कि ‘हमने कहा था ना यूँ ही माँ-बेटे ने 2008 में चीन के साथ MoU नहीं किया, इसके पीछे एक षड्यंत्र है। आज वो षड्यंत्र खुल गया है। माँ-बेटे ने चीन में अपना इमान गिरवी रखा था। आज चीन और कांग्रेस, मोदी सरकार को गिराने का साँझा प्रयास कर रहें है। कांग्रेस के समर्थन में आया ग्लोबल टाइम्स।’ 

चीन सरकार के मुखपत्र ग्लोबल टाइम्स के इस आर्टिकल में कई मुद्दों पर बात की गई है। जिसमें लिखा गया है कि भारत सरकार ने लद्दाख में चल रहे तनाव को कम करने के लिए सकारात्मक रूख दिखाया है और जाड़ों तक भारतीय सेना की अग्रिम पंक्ति वहीं तैनात रह सकते हैं। आर्टिकल में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और चीनी रक्षा मंत्री के बीच हुई बैठक का भी जिक्र किया गया है।