जबलपुर गुप्तेश्वर महादेव मंदिर: प्रथम श्रावण सोमवार को किया गया महादेव का श्रीपुष्प श्रृंगार

सावन मास के दूसरे दिन और पहले श्रावण सोमवार को शिवालयों और मंदिरों में शिवभक्तों की लंबी कतारें देखी गई। सुबह से ही शिवभक्त भगवान शिवशंकर के दर्शनों की अभिलाषा लिए देर तक कतारों में खड़े रहे।

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित स्वयं सिद्ध गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में विभिन्न कार्यक्रमों और अनुष्ठानों का आयोजन शुरू हो गया है। सावन मास के दूसरे दिन और प्रथम सोमवार 26 जुलाई को भगवान गुप्तेश्वर महादेव का श्रीपुष्प श्रृंगार किया गया।

गुप्तेश्वर मंदिर के पं योगेंद्र त्रिपाठी महाराज ने बताया कि सावन मास के प्रत्येक दिन भगवान गुप्तेश्वर महादेव का अलग-अलग श्रृंगार किया जाता है। इसी तारतम्य में प्रथम सोमवार और सावन मास के दूसरे दिन भगवान गुप्तेश्वर महादेव का श्रीपुष्प श्रृंगार किया गया। गुप्तेश्वर महादेव को रामेश्वरम ज्योतिर्लिंग का उपलिंग भी माना जाता है।