भारत और मालदीव के बीच रक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को प्रगाढ़ बनाने पर बनी सहमति

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मालदीव की रक्षा मंत्री सुश्री मारिया दीदी के आमंत्रण पर 1 मई, 2023 को माले पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान राजनाथ सिंह और सुश्री मारिया दीदी ने भारत और मालदीव के बीच रक्षा सहयोग तथा दीर्घकालिक साझेदारी को मज़बूत बनाने पर द्विपक्षीय बातचीत की। उन्होंने व्यापक क्षेत्रीय तथा आपसी चिंता के वैश्विक सुरक्षा विषयों पर बातचीत की और रक्षा तथा सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को प्रगाढ़ बनाने पर सहमति व्यक्त की।

दोनों मंत्रियों ने क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सुरक्षा बनाए रखने के महत्व की फिर से पुष्टि की और समान सुरक्षा चुनौतियों से निपटने में एक साथ काम करने की आवश्यकता को स्वीकार किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कानूनों और नियम आधारित अंतर्राष्ट्रीय व्यवस्था का सम्मान करने के महत्व को रेखांकित किया तथा इन सिद्धांतों को बनाए रखने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

मंत्रियों ने संयुक्त अभ्यास तथा एक-दूसरे देशों में सैन्य अधिकारियों की यात्राओं सहित दोनों पड़ोसियों के बीच जारी रक्षा सहयोग में हुई प्रगति का स्वागत किया। उन्होंने आतंकवाद का मुकाबला,आपदा प्रबंधन, साइबर सुरक्षा तथा समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में श्रेष्ठ व्यवहारों तथा विशेषज्ञता को साझा करने के महत्व पर ध्यान दिया।

दोनों मंत्री रक्षा व्यापार, क्षमता निर्माण तथा संयुक्त अभ्यास जैसे क्षेत्र सहित सहयोग के अतिरिक्त उपाय तलाशने पर सहमत हुए। उन्होंने दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने तथा दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच आदान-प्रदान पर भी चर्चा की। यात्रा के दौरान माननीय मंत्री राजनाथ सिंह ने मालदीव के राष्ट्रपति इब्राहिम मोहम्मद सोलिह से शिष्टाचार भेंट की और विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद से मुलाकात की।

इसके अतिरिक्त मंत्री राजनाथ सिंह और मंत्री सुश्री दीदी ने मालदीव के राष्ट्रपति सोलिह की उपस्थिति में हुरावी के प्रतिस्थापन जहाज की कमिशनिंग के लिए आयोजित समारोह में भाग लिया। भारत के प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति सोलिह की हाल की भारत यात्रा के दौरान पुराने हुरावी जहाज के लिए प्रतिस्थापन जहाज के प्रावधान की घोषणा की थी।

राजनाथ सिंह ने एमएनडीएफ को अतिरिक्त लैंडिंग क्राफ्ट भी भेंट किया। इन जहाजों को सौंपना भारत के क्षेत्र में सभी की सुरक्षा और विकास (सागर) के विजन के अनुरूप है, जो एक सुरक्षित, समृद्ध तथा स्थिर हिंद महासागर क्षेत्र के लिए मित्रों और साझेदारी की क्षमताओं के साथ मिलकर काम करना और संयुक्त रूप से विकसित करना चाहता है।

यात्रा दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मंत्री दीदी द्वारा एमएनडीएफ तटरक्षक बल (एकता हार्बर) की आधारशिला रखी गयी। सिफावारू में कोस्टकार्ड हार्बर का विकास और मरम्मत सुविधा का विकास भारत की सबसे बड़ी सहायता अनुदान परियोजनाओं में एक है। प्रस्थान से पूर्व राजनाथ सिंह ने यात्रा के दौरान मालदीव की रक्षा मंत्री सुश्री मारिया दीदी द्वारा उन्हें और उनके शिष्टमंडल को गर्मजोशी भरे और सद्भावपूर्ण आतिथ्य के लिए अपनी सराहना व्यक्त की।

दोनों पक्षों ने अपने देशों के बीच साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाने की अपनी प्रतिबद्धता पुष्टि की और आम भावनाओं को व्यक्त किया कि वे भविष्य में बातचीत और सहयोग जारी रखने के लिए तत्पर हैं। इस यात्रा ने अपने-अपने देशों और क्षेत्र की सुरक्षा तथा समृद्धि को बढ़ाने के लिए दोनों मित्र पड़ोसियों की प्रतिबद्धता की भावना को नया रूप दिया।