कांग्रेस ने लांच किया ज्वाइन कांग्रेस सोशल मीडिया कैंपेन

कांग्रेस पार्टी ने 5 लाख सोशल मीडिया वारियर्स जोडऩे के लिए ज्वाइन कांग्रेस सोशल मीडिया कैंपेन लांच किया। पूरे देश में यह कैंपेन एक महीने तक चलाया जाएगा। जो लोग भी इसमें इनरोल करेंगे, उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी जाएगी।

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि एक महीने के बाद इंटरव्यू होंगे और सिलेक्टिड लोगों को ट्रेनिंग दी जाएगी। कैंपेन लॉन्च के दौरान टोल फ्री नंबर, वेबसाइट, व्हाट्सएप नंबर जारी किया गया।

कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि हम काडर आधारित पार्टी नहीं, बल्कि हम मुद्दा आधारित पार्टी हैं। हम लोगों के मुद्दे पहले भी उठाते रहे हैं और आगे भी उठाएंगे। इसी भावना के साथ से यह अभियान आरंभ किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वॉरियर्स कोई लड़ाकू शब्द नहीं है बल्कि सही मायने में सत्य के रास्ते पर चलने वाली कांग्रेस की विचारधारा है। हमारा लक्ष्य है कि इसमें 5 लाख वॉरियर्स बने। इस वक़्त भी देश के सभी प्रान्तों में, सभी जिलों में कांग्रेस के साथी हैं, जो अपनी तरफ से व्यक्तिगत तौर पर काम कर रहे हैं।

वहीं सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने दावा किया कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को दबाया जा रहा है और सरकार के खिलाफ आवाज उठाने वालों को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है. कांग्रेस की जिम्मेदारी है कि हम इसका जवाब दें और देश को बचाएं।

रोहन गुप्ता ने कहा कि आज देश के लोकतंत्र पर वार हो रहा है। लोकतंत्र के चारों स्तंभों, चाहे न्यायतंत्र की बात हो या अर्थतंत्र की हो या मीडिया की हर तरफ वार हो रहा है। जो भी व्यक्ति इनके सामने अपनी आवाज़ को उठाने का प्रयास करेगा उसको कुचला जाएगा। उसे देशद्रोही बोला जाता है।

उन्होंने कहा कि हम चुप नहीं बैठ सकते इसीलिए हम यह अभियान आरंभ कर रहे हैं। हम हर युवा को मंच प्रदान करना चाहते हैं। हम इस अभियान को एक महीने तक चलाएंगे ताकि देश भर से लोग इसके साथ जुड़ें।