टोक्यो में खेले जा रहे ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम ने 41 साल के बाद पदक जीत कर इतिहास रच दिया। टीम इंडिया ने कांस्य पदक के लिए खेले गए मुकाबले में जर्मनी को 5-4 से हराया।

भारतीय हॉकी टीम ने 1980 के बाद ओलंपिक खेलों में पदक जीता है। यह ओलंपिक खेलों के इतिहास में हाॅकी इवेंट में भारतीय हॉकी टीम का 12वां पदक है।

आज खेले गए मैच में एक समय भारतीय टीम 1-3 से पीछे थी, लेकिन इसके बाद शानदार वापसी करते हुए टीम ने मैच जीत लिया।

ओलंपिक खेलों में भारतीय हॉकी टीम के कांस्य पदक जीतने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बधाई दी है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ऐतिहासिक!  एक ऐसा दिन जो हर भारतीय की याद में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। इस उपलब्धि के साथ, उन्होंने पूरे देश, खासकर हमारे युवाओं की कल्पना पर कब्जा कर लिया है। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।