वर्ल्ड सीनियर आर्चरी में मध्यप्रदेश की मुस्कान किरार ने कम्पाउण्ड टीम को दिलाया रजत पदक

यांकटन, अमेरिका में 19 से 26 सितम्बर, 2021 तक आयोजित सीनियर वर्ल्ड आर्चरी चैम्पियनशिप में महिला कम्पाउण्ड टीम इवेन्ट में मध्यप्रदेश राज्य तीरंदाजी अकादमी जबलपुर की  मुस्कान किरार ने कोलम्बिया के विरूद्ध फायनल मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाने मे कामयाब हुईं। मुस्कान टॉप स्कोरर रही। भारत यह मुकाबला कोलम्बिया से हार गया। कोलम्बिया ने भारत को 229 के मुकाबले 224 अंकों से हराया। 

भारत की तरफ से इस टीम इवेन्ट में मुस्कान किरार (जबलपुर, मध्यप्रदेश), प्रिया गुर्जर (राजस्थान) और ज्योति (आन्ध्रप्रदेश) भारतीय टीम की सदस्या थी। फायनल मुकाबले में भारत की तरफ से मुस्कान किरार ने 80 में से 78, प्रिया ने 80 में से 74 और ज्योति ने 80 में से 72 अंक अर्जित किए। 

खेल मंत्री ने दी मुस्कान को बधाई

खेल और युवा कल्याण मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर भारत के लिए रजत अर्जित करने के लिए मुस्कान किरार को दूरभाष पर बधाई दी। उन्होंने मध्यप्रदेश राज्य तीरंदारी अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक एवं भारतीय टीम के यूएसए में प्रशिक्षक रिचपाल सिंह सलारिया को भी बधाई दी है।

उन्होंने कहा कि मुस्कान किरार ने इस पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया। फायनल मुकाबले में भारत की तरफ से टॉप स्कोरर रही। श्रीमती सिंधिया ने मुस्कान को और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्व सीनियर आर्चरी चैम्पियनशिप में अर्जित रजत पदक को बड़ी उपलब्धि बताया।