पीएम मोदी सोमवार को आगरा को देंगे मेट्रो परियोजना की सौगात

आगरा मेट्रो परियोजना में 2 गलियारे शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 29.4 किलोमीटर है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी सोमवार 7 दिसंबर को सुबह 11:30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगरा मेट्रो परियोजना के निर्माण कार्य का उद्घाटन करेंगे। आगरा के 15 बटालियन पीएसी परेड मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल होंगे।

आगरा मेट्रो परियोजना में 2 गलियारे शामिल हैं, जिनकी कुल लंबाई 29.4 किलोमीटर है। ये गलियारे ताजमहल, आगरा का किला, सिकंदरा जैसे प्रमुख पर्यटक केन्द्रों को रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों से जोड़ते हैं।

इस परियोजना से आगरा शहर की 26 लाख आबादी को लाभ होगा और हर साल आगरा आने वाले 60 लाख से अधिक पर्यटकों की जरूरतें भी पूरी होंगी।

यह परियोजना ऐतिहासिक शहर आगरा को पर्यावरण के अनुकूल एक मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम प्रदान करेगी। इस परियोजना की अनुमानित लागत 8,379.62 करोड़ रुपये होगी और यह 5 वर्षों में पूरी होगी।