Monday, March 17, 2025
Homeदेशमेवाड़ राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, अंतिम यात्रा...

मेवाड़ राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य अरविंद सिंह मेवाड़ का निधन, अंतिम यात्रा 17 मार्च को

Mewar Royal Family (हि.स.)। मेवाड़ राजपरिवार के वरिष्ठ सदस्य और एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष अरविंद सिंह मेवाड़ का रविवार तड़के निधन हो गया। वे पिछले काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और सिटी पैलेस स्थित अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार घर पर ही चल रहा था। उनके निधन से उदयपुर सहित पूरे मेवाड़ अंचल में शोक की लहर दौड़ गई है। सिटी पैलेस में पर्यटकों का प्रवेश बन्द कर दिया गया है।

उनके पुत्र लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ की ओर से जारी सूचना के अनुसार उनकी पार्थिव देह के अंतिम दर्शन सोमवार 17 मार्च सुबह 7 बजे से किए जा सकेंगे। अंतिम यात्रा 17 मार्च सुबह 11 बजे शंभू निवास से आरम्भ होकर बड़ी पोल, जगदीश चौक, घण्टाघर, बड़ा बाजार, देहलीगेट होते हुए आयड़ गंगोद्भव कुंड स्थित महासतियां जाएगी।

अरविंद सिंह मेवाड़, मेवाड़ राजघराने के महाराणा भगवत सिंह मेवाड़ और महारानी सुशीला कुमारी के पुत्र थे। वे अपने पिता के सबसे छोटे बेटे थे। उल्लेखनीय है कि उनके बड़े भाई मेवाड़ के पूर्व महाराणा महेन्द्र सिंह मेवाड़ का भी निधन बीते वर्ष 10 नवंबर 2024 को हो गया था।

मेवाड़ राजपरिवार से जुड़े होने के साथ-साथ अरविंद सिंह मेवाड़ का व्यक्तित्व एक कुशल प्रशासक, उद्योगपति और सामाजिक सरोकारों से गहरे जुड़े व्यक्ति के रूप में भी पहचाना जाता रहा है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अजमेर के प्रतिष्ठित मेयो कॉलेज से प्राप्त की थी। इसके बाद उन्होंने उदयपुर से कला संकाय में स्नातक की उपाधि ली। शिक्षा के प्रति उनकी ललक यहीं नहीं रुकी और वे उच्च अध्ययन के लिए इंग्लैंड गए, जहां उन्होंने सेंट एल्बंस मेट्रोपॉलिटन कॉलेज से होटल मैनेजमेंट में डिप्लोमा प्राप्त किया। शिक्षा के उपरांत उन्होंने अमेरिका में कुछ वर्षों तक कार्य भी किया और फिर उदयपुर लौट आए।

अरविंद सिंह मेवाड़ एचआरएच ग्रुप ऑफ होटल्स के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक पद पर कार्यरत रहे। उनके नेतृत्व में एचआरएच समूह ने राजस्थानी विरासत और मेवाड़ी संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय पटल पर सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त वे महाराणा मेवाड़ फाउंडेशन ट्रस्ट, महाराणा मेवाड़ ऐतिहासिक प्रकाश ट्रस्ट और राजमाता गुलाब कुंवर चेरिटेबल ट्रस्ट के भी अध्यक्ष रहे। उनके द्वारा स्थापित इन संस्थानों के माध्यम से उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सांस्कृतिक संरक्षण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए।

अरविंद सिंह मेवाड़ के निधन से उदयपुर और मेवाड़ के सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यटन जगत में अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

अंतिम संस्कार की प्रक्रिया राजपरिवार की परंपराओं के अनुसार सम्पन्न की जाएगी।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu