मध्य प्रदेश में खेल पुरस्कारों की घोषणा, जबलपुर की मुस्कान किरार को विक्रम पुरस्कार देने का ऐलान

मध्य प्रदेश में खेल पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है। संचालक खेल एवं युवा कल्याण पवन कुमार जैन ने टी.टी. नगर स्टेडियम में राज्य-स्तरीय विक्रम, एकलव्य, विश्वामित्र, स्व. प्रभाष जोशी एवं लाइफ टाइम एचीव्हमेंट पुरस्कारों की घोषणा की।

उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2019 के स्व. प्रभाष जोशी पुरस्कार के लिये चयन समिति द्वारा किसी भी खिलाड़ी के नाम की अनुशंसा नहीं की गई थी। वर्ष 2020 के राज्य-स्तरीय पुरस्कारों के लिये नये नियम बनाये जा रहे हैं, जिसमें खिलाड़ियों एवं खेल संघों के सुझाव और समस्याओं का ध्यान रखा जायेगा।

संचालक खेल पवन कुमार जैन ने बताया कि वर्ष 2019 के लिये भोपाल के ओलम्पियन हॉकी खिलाड़ी इनाम-उर-रहमान का नाम लाइफ टाइम एचीव्हमेंट पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है। यह पुरस्कार वर्ष 2002 से प्रारंभ किया गया था। लाइफ टाइम एचीव्हमेंट पुरस्कार ऐसी खेल हस्ती को दिया जाता है, जिसने प्रदेश के खेलों के विकास एवं प्रोत्साहन के लिये जीवन पर्यन्त योगदान दिया है।

व्यक्तिगत खेलों में भिण्ड के अजातशत्रु शर्मा केनोइंग-कयाकिंग, देवास के आदित्य दुबे सॉफ्ट टेनिस, खरगौन के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर शूटिंग, भोपाल की कु. गार्गी सिंह परिहार कराते, जबलपुर की कु. अंशिता पाण्डे वूशु, इंदौर के परम पदम् बिरथरे तैराकी, भोपाल के शंकर पाण्डेय फैंसिंग, उज्जैन के अक्षत जोशी घुड़सवारी, इंदौर की सुश्री अनुषा कुटुम्बले टेबल-टेनिस, धार के प्रियांशु राजावत बेडमिंटन और राजगढ़ के गोविन्द बैरागी सेलिंग को एकलव्य पुरस्कार के लिये चयनित किया गया है। दलीय खेलों में टीकमगढ़ की कु. शिवांगनी वर्मा सॉफ्टबॉल और ग्वालियर की कु. इशिका चौधरी हॉकी शामिल हैं। परम्परागत खेलों में इंदौर की कु. नित्यता जैन शतरंज शामिल हैं।

व्यक्तिगत खेलों में भोपाल की कु. राजेश्वरी कुशराम केनोइंग-कयाकिंग, भोपाल के फराज खान घुड़सवारी, इंदौर के अद्वेत पागे तैराकी, जबलपुर की कु. मुस्कान किरार आर्चरी, देवास के जय मीणा सॉफ्ट टेनिस तथा भोपाल की कु. चिंकी यादव शूटिंग को वर्ष 2019 के लिये विक्रम पुरस्कार के लिये चुना गया है। दलीय खेलों में इंदौर की कु. पूजा पारखे सॉफ्टबॉल और ग्वालियर की कु. करिश्मा यादव हॉकी शामिल हैं। दिव्यांग वर्ग में कु. जानकी बाई जूडो तथा परम्परागत खेलों में भोपाल के चंद्रकांत हरडे थ्रो-बॉल को शामिल किया गया है।

व्याक्तिगत खेलों में इंदौर के अभिलाष एम.टी. तैराकी और भोपाल के गिरधारी लाल यादव सैलिंग तथा दलीय खेल में इंदौर के शरद जपे खो-खो को विश्वामित्र पुरस्कार के लिये चुना गया है