उत्तर प्रदेश चुनाव: प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं के लिए अलग से की अनेक घोषणाएं

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने महिलाओं के लिये अलग से घोषणा पत्र जारी करते हुये अनेक घोषणाएं की हैं। प्रदेश की आधी आबादी को लुभाने के लिये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने विधानसभा चुनाव को देखते हुए सोमवार सुबह घोषणा पत्र को जारी कर महिलाओं के लिए कई वादे किए हैं।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने आज सुबह ट्वीट कर कहा कि यूपी की मेरी प्रिय बहनों, आपका हर दिन संघर्षों से भरा है। कांग्रेस पार्टी ने उसको समझते हुए आपके लिए अलग से एक महिला घोषणा पत्र तैयार किया है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने पर हर साल तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त दिए जाएंगे। प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए मुफ्त यात्रा, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को हर महीने 10 हजार रुपये का मानदेय मिलेगा।

इसके अलावा नए सरकारी पदों पर आरक्षण के प्रावधानों के अनुसार 40 प्रतिशत पदों पर महिलाओं की नियुक्ति, 1000 रुपये हर महीना वृद्धा-विधवा पेंशन और विधानसभा चुनाव में 40 प्रतिशत टिकट महिलाओं को देने का ऐलान किया गया है। साथ ही कांग्रेस ने छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी देने का वादा भी किया है।