गाँव के आँचल में पलती कहानियों का संग्रह: ‘कपास’

समीक्षक- सोनल मंजू श्री ओमर
राजकोट, गुजरात- 360007
पुस्तक- कपास (कहानी संग्रह)
लेखक- डॉ. कुबेर दत्त कौशिक
प्रकाशक- शॉपिज़ेन डॉट इन

हाल ही में लेखक डॉ कुबेर दत्त कौशिक जी का 10 कहानियों का संग्रह ‘कपास’ पढ़ने को मिला। इनके अभी तक लगभग एक उपन्यास (दस्तख़त) व एक दर्जन कहानी संग्रह (झोपड़ी, कुल्हड़, कपास, शाख शाख जल गई, अफसाना, रोशनाई, चरणामृत, खंडहर, कहानी-कहानी केवल कहानी, जज़्बात, पतझड़, परछाइयां आदि) प्रकाशित हो चुके हैं। कपास किताब की सभी कहानियों की पृष्ठभूमि आंचलिक परिवेश में गढ़ी गई है। डॉ. कुबेर दत्त कौशिक की कहानियाँ आज के शहरीकरण के युग में विशुद्ध गाँव के आँचल में पलती, किलकती, बिलखती, इठलाती अपने परिवेश की गाथा कहती हुई दिखायी पड़ती हैं।

इस संग्रह की पहली ही कहानी का नाम ‘कपास’ है, जोकि संभवतः किताब के नामकरण का भी आधार बनी। इसकी शुरुआत एक यूनिवर्सिटी के हॉस्टल से होती है, जिसमें ग्रामीण परिवेश का एक लड़का चंद्र प्रकाश तिवारी रहता है। उसकी एक महिला मित्र है विलियम रॉबर्ट। विलियम चंद्र प्रकाश के कपड़ो को देखती थी और उनके विषय मे प्रश्न पूछा करती थी, ऐसे ही एक बार वो उससे ‘खेस’ के विषय में पूछती है तब चंद्र प्रकाश उसे बताता है, “खेस मोटे सूत का वस्त्र होता है, जिसे प्रायः गाँव के लोग सर्दी के मौसम में ओढ़ते है।” विलियम उससे सूत इत्यादि के विषय मे भी पूछती है। सम्पूर्ण कहानी कपास की फसल अर्थात बाडी बोने से लेकर खेस तैयार होने तक की कथा है। इस कहानी के माध्यम से लेखक ने एक किसान परिवार के जीवन के संघर्ष को दिखलाया है कि किस प्रकार किसान एक-एक फसल को अपना खून-पसीना देकर, सर्दी-गर्मी-बरसात सभी मौसमों में अपनी संतानो से भी कहीं ज्यादा ध्यान देकर सींचते-पालते हैं।

‘पश्चाताप’ कहानी सही-गलत के द्वंद के मध्य फँसे पश्चाताप की कहानी है। इसमें एक पैंसठ वर्षीय मरीज तीन साल से फालिंज नामक बीमारी से पीड़ित है, जिससे उसका पूरा शरीर निष्क्रिय हो चुका है और अब उसका कोई इलाज नही है, उसके तीमारदारों ने उसका कई जगहों पर भरपूर इलाज कराया और अंततः उसे एक नर्सिंग होम में भर्ती कराकर छोड़ देते हैं। इस नर्सिंग होम को डॉ. मनोज मिश्रा और उनके सहायक श्रीकांत देखते है। श्रीकांत उस मरीज को पीड़ा में मृत्यु का इंतजार करते देखकर दुखी होते है। वे चाहते है उस मरीज को मुक्ति दे दी जाए, पर डॉ मनोज मिश्रा इस सोच को हत्या और पाप की संज्ञा देते हैं। इस द्वंद की स्थिति में श्रीकांत डॉ मनोज को एक लड़के के पश्चाताप की कहानी सुनाते है। श्रीकांत का मानता है कि, “पश्चाताप एक ऐसी औषधी है ऐसा उपाय है जो पाप के रोगों का समापन कर देती है।” इसीलिए अंततः वो उस मरीज को उसकी पीड़ा से मुक्त कर देते हैं। इस कहानी द्वारा लेखक के दार्शनिक दृष्टिकोण का भान होता है। वो पाठकों पर ही इस बात का फैसला छोड़ देते है कि श्रीकांत ने सही किया या गलत।

‘परछाईयाँ’ भूले-बिछड़े साथी से बरसों बाद मिलने की कहानी है। इसमें सत्तर वर्ष की ‘दुर्गी’ अपना भरापूरा परिवार होने पर फिर भी नितांत अकेली है। उसकी एक फकीर मातूराम से भेंट होती है। उसे पता चलता है कि मातूराम उसके ही मायके का रहने वाला है। वह अपने गाँव के आस-पड़ोस, सभी परिवार, सदस्य इत्यादियों के विषय मे मातूराम से पूछती है। अंत में दुर्गी एक सुबोध नाम के व्यक्ति के विषय मे पूछती है, ऐसे किसी व्यक्ति को जब मातूराम जानने से इंकार करता है तो दुर्गी उदास हो जाती है। कुछ माह पश्चात मातूराम पुनः दुर्गी से मिलने आता है और उसे अपने साथ एक कॉलेज के समारोह में चलने का आग्रह करता है, जिसमें कवि सम्मेलन का आयोजन है। उस आयोजन में पहुँच कर दुर्गी को एहसास होता है कि उन कवियों में एक सुबोध भी है। बड़ी ही नाटकीयता के साथ दोनों एक-दूसरे को पहचान लेते हैं और अंत मे दुर्गी के मुख से बस इतना ही निकलता है, “लै देख ले सुबोध! मौत जैसी इंतज़ार की बेहिसाब लम्बी जिंदगी गुजारने के बाद आखिर आज तुझसे मुलाकात हो ही गई।”

‘अर्थी’ कहानी का मुख्यपात्र बिरजपाल, जोकि छीवर जाति का, अनपढ़ और मजदूर वर्ग का व्यक्ति है। वह इकलौता ऐसा व्यक्ति है जो अर्थी बांधने का कार्य करता है। इसीलिए हर जाति-वर्ग के लोग, उसके गाँव के साथ आस-पास के गाँव के लोग भी अर्थी बंधवाने के लिए सभी उसी पर निर्भर रहते हैं। वह इस कार्य के लिए कोई मूल्य नही लेता क्योंकि उसका मानना है कि यह पुण्य का कार्य है। इस कार्य को करने में वह इतना समर्पित है कि अपने घर-परिवार, अपनी रोजी-रोटी के कार्यों को भी बाद में महत्व देता है। लेकिन उसकी इस अच्छाई के फलस्वरूप उसे कुछ हाथ नहीं लगता है। गाँव में डेंगू बुखार का प्रकोप होने से जब पहले उसकी माँ को, फिर उसकी पत्नी को और फिर बिरजपाल को डेंगू हो जाता है तब भी बिरजपाल अपने परिवार से पहले दूसरों की मदद करता है, लेकिन जब उसकी माँ और पत्नी का देहांत होता है तो कोई उसको पूछने तक नही आता। वह दोनों की अर्थी रेहड़े पर ले जाता है। बाद में उसकी खुद की मृत्यु डेंगू से सही समय पर इलाज न मिलने के कारण हो जाती है। अंत मे कहानी इस प्रश्न के साथ खत्म होती है कि अर्थी बांधने वाला बिरजपाल ही नही रहा तो अब उसकी अर्थी कौन बांधेगा? कहानी बहुत ही मर्मस्पर्शी है पर प्रश्न भी उत्पन्न करती है कि अर्थी बाँधने का कार्य तो कोई भी कर सकता है। आमतौर पर मृतक के परिवारजन ही यह काम करते है इसके लिए किसी व्यक्ति विशेष पर निर्भर रहना क्यों आवश्यक है? क्या उस व्यक्ति के न होने पर अर्थी नही बँधेगी?

‘मास्क’ एक गाँव की कहानी है जहाँ की औरतें एकजुट होकर जत्थे में जंगल जाती है, वहाँ से अपनी गाय-भैसों के लिए चारा काट के लाती हैं। अचानक एक दिन लॉकडाउन लग जाता है और सभी को घर पर ही सीमित रहना पड़ता है। इन गाँववालो को नही पता कि कोरोना क्या है, लॉकडाउन क्या है, मास्क क्यों लगाना है, दूर क्यों रहना है, सैनिटाइजर क्यो उपयोग करना है? उन्हें सिर्फ इतना समझ आता है कि पुलिस का निर्देश है इसीलिए ये करना पड़ेगा। कोरोना एक भीषण विभीषिका का दंश है जिसकी मार सबसे अधिक प्रतिदिन कमाने खाने वालों को झेलनी पड़ी। इस कहानी के माध्यम से लेखक ने उसी वर्ग को दर्शाया है कि निर्देश होने के बावजूद अपना व अपने परिवार का पेट पालने के लिए उन्हें अपने घरों से निकलकर अपने कार्य करने होते थे ऐसे लोगो को कोरोना भी नही डरा सकता।

‘भिखारी’ कहानी मुझे कुछ अधूरी और रहस्यमयी लगी। इस कहानी का केंद्रबिंदु सूर्यकांत, किसी महिला को ढूँढने गाँव के गली, मोहल्ले, बाजार, हाट, मंदिर सब जगह जाता है, लेकिन किसी को बता नही पाता कि वो किसे ढूँढ रहा क्योंकि उसे खुद भी नही पता है सिवाय इसके कि उस महिला के चेहरे पर चेचक के दाग है। शायद बहुत समय से भटकने के कारण ही उसकी दीनदशा भिखारी जैसी दिखती है। कहानी के अंत तक यह रहस्य रहस्य ही रह जाता है कि सूर्यकांत कौन है, वो किस महिला को ढूँढ रहा है और क्यों ढूँढ रहा है?

‘अतिथि’ कहानी में एक नरेंद्र है जो बहुत संस्कारवान है और त्यागी समाज का एक प्रतिष्ठित व्यक्ति है। एक रात उसके घर पर एक अतिथि अशोक त्यागी आते है। नरेंद्र और उनकी पत्नी चार-पाँच दिनों तक अपनी क्षमता से कई अधिक उनका खूब आतिथ्य करते है। उसकी फरमाइश पर शराब भी लाकर पिलाते है, जबकि शराब का नाम भी नरेंद्र और उसकी पत्नी के लिए अप्रिय है। इतने आतिथ्य को देखकर अंततः अशोक को लज्जा आ जाती है कि जब कुछ माह पूर्व नरेंद्र उसके निवास पर गया था तो उसने भरी दोपहरी में उसे द्वार से वापस लौटा दिया था, न बैठने के लिए कहा न पानी के लिए पूछा। जबकि इसके विपरीत नरेंद्र ने उसकी चार-पाँच दिवस तक खूब आवभगत की। इस कहानी में लेखक के गाँधीवादी विचारधारा की झलक मिलती है कि कोई कैसा भी व्यवहार करे पर हमें अपने मूल्य अपने संस्कार नही भूलने चाहिए।

‘मदिरा’ एक ग्रामीण दंपति की कहानी है। राजपाल शराब का लती है, पत्नी के मना करने के बाद भी वो शराब पीने का कोई-न-कोई बहाना खोज लेता। कभी जुताई के समय खेत से शराब की बोतल निकलती तो वो धरती माता का प्रसाद मान के पी लेता, कभी ईख की झाड़ से बोतल गिरती तो आसमान से भगवान का प्रसाद बोल के पी लेता। अंततः किरणो समझ जाती है कि राजपाल शराब नही छोड़ पाएगा इसीलिए वह खुद बाजार से पाँच-छह शराब की बोतल खरीद लाती है ताकि राजपाल घर पर ही पिए ताकि उस पर कोई अँगुली न उठा सके। राजपाल किरणो की यह मंशा जान जाता है तो संकल्प लेता है कि अब वो कभी मदिरा को छूएगा भी नही। लेखक ने किरणो के माध्यम से मदिरापान को गलत न मानकर समाजिक रूप से पीने को गलत माना है। इसीलिए उनका मानना है कि “मदिरापान किसी मनुष्य का व्यक्तिगत दोष नहीं होता जबकि सच्चाई यह है कि मदिरापान एक सामाजिक दोष है। केवल समाज का मनुष्य ही मदिरापान को अनुचित और अशुभ प्रमाणित करता है। निषैद्य मानता है।”

‘मुआवजा’ दो भाईयों बलजीत और राजबीर की कहानी है। दोनों के पास पुस्तैनी पाँच-पाँच बीघा जमीन है जोकि सरकार द्वारा रेलवे कॉरिडोर के लिए अलॉट कर ली जाती है, जिसके बदले दोनों को सरकार की तरफ से एक-एक करोड़ का मुआवजा मिलता है। इतना पैसा पाकर दोनों वैभव विलासिता में डूबकर धीरे-धीरे अपनी सारी संपत्ति खर्च कर देते हैं। अंत मे नौबत यह आ जाती है कि उनपर लाखो के बिजली का बिल का कर्जा चढ़ जाता है। यह कहानी हमे बहुत बड़ी सीख देती है कि यदि हमारे पास ज्यादा पैसा आ जाए तो उसे विलासिता में नष्ट नही कर देना चाहिए अपितु उसे सही जगह पर निवेश करना चाहिए। और पैसा कितना भी हो जाए अपना कर्म करना बंद नही करना चाहिए जैसे राजबीर और बलजीत ने काम करना ही बंद कर दिया, क्योंकि पैसा कितना भी हो यदि उसे उपयोग करते ही रहेंगे तो एक दिन समाप्त हो ही जाएगा।

संग्रह की अंतिम कहानी ‘सिला’ है। “गेंहूँ की फसल खेत में से कट जाने के बाद जब कुछ बिखरी पड़ी गेंहूँ की बालियाँ खेत की धरती के ऊपर से चुनी जाती है उसे सिला चुगना कहते है।” पंडित जगन्नाथ कौशिक के खेत पर गेंहूँ की फसल कटने के उपरांत निचली जाति की कुछ औरतें सिला चुगने का काम कर रहीं हैं। सिला चुगने वाली महिलाओं को सिलयारी कहा जाता है। इस सिला द्वारा ही ये महिलाएं कुछ दिनों तक अपने परिवार के लिए रोटी का प्रबंध करती हैं। पंडित जगन्नाथ कौशिक एक उदार व दार्शनिक स्वभाव के व्यक्ति है, वो सिला को परमात्मा का उपहार मानकर इसपर सिलयरियो का अधिकार मानते हैं। वो इन महिलाओं को ‘बहुरानी’ कह के सम्बोधित करते हैं और उन्हें न सिर्फ सिला चुगने देते है बल्कि भयंकर धूप में उनके लिए पानी और गुड़ की व्यवस्था भी करते है और अंत मे सभी महिलाओं को अपनी फसल से भी चार-चार बंडल गेंहूँ के देते हैं। इस कहानी से हमें सिला के विषय मे तो पता चलता ही है साथ यह भी ज्ञात होता है कि एक मालिक का एक दानदाता का उससे निचले तबके के लोगों के प्रति व्यवहार कैसा होना चाहिए।

इस संग्रह की सभी कहानी एक से बढ़कर एक उम्दा विषय पर है तथा बहुत ही खूबसूरती के साथ लिखी गई है। ये सभी कहानियाँ कहीं-न-कहीं हमे कुछ नया सिखाती है। लेखक के कहानी कहने का अंदाज़ काफी निराला है। ये एक-एक स्थित, हाव-भाव, मनोभाव आदि का इतना सूक्ष्मता से वर्णन करते है, जिससे सूक्ष्म वस्तु भी व्यापक हो जाती है, जोकि काबिल-ए-तारीफ है। लेकिन लेखक का एक ही चीज़ को कहानी में बार-बार बतलाना, ये पुनरावृत्ति पाठक मन को खटकती है। इसपर यदि लेखक ध्यान देंगे तो कहानियाँ पाठकों पर और गहरी छाप छोड़ने में सफल होंगी।