रेल कर्मियों के लिए खुशखबरी: प्रशासन ने मानी मांगें, मिलेंगी ये सुविधाएं

जबलपुर स्थित पश्चिम मध्य रेल जोन को बने लगभग 19 वर्ष हो चुके हैं, परन्तु जोन मुख्यालय में कार्यरत रेल कर्मियों को रेल प्रशासन ने पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं करा सका। उक्त समस्या को वेस्ट सेन्ट्रल रेलवे मजदूर संघ के महामंत्री अशोक शर्मा ने पीएनएम के माध्यम से महाप्रबंधक के समक्ष रखा था, जिससे रेल प्रशासन रेल कर्मियों की सुविधाओं के विस्तार करने का फैसला लिया।

संघ प्रवक्ता व संयुक्त महामंत्री सतीश कुमार ने बताया कि रेल मजदूर संघ के प्रयास से मुख्यालय कर्मचारियों के लिए शेड सहित वाहन स्टैंड का विस्तार होगा। जिसके लिए बकायदा संघ प्रतिनिधि व उप महाप्रबंधक अनुराग पांडेय ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर वाहन स्टैंड के लिए रेल अस्पताल के समीप अतिरिक्त स्थान का चयन भी कर लिया है, जिससे अब रेल कर्मियों को वाहन पार्किंग में हो रही समस्या से निजात मिलेगी।

संयुक्त निरीक्षण में सर्व सुविधायुक्त कैंटीन बनाने के लिए स्थान भी निर्धारित कर दिया गया है। कोर बिल्डिंग के जनरेटर रूम के ऊपर पृथक कैंटीन बनाई जाएगी। ज्ञात हो कि वर्तमान में बेसमेंट में अव्यवस्थित तरीके से कैंटीन संचालित है। इसके अतिरिक्त कर्मचारियों को नया फर्नीचर तथा नियमानुसार ब्रीफ केस भी उपलब्ध कराया जाएगा।

पमरे प्रशासन के इस निर्णय पर मजदूर संघ के दीपक केसरी, संजय चौधरी, तरुण बत्रा, धर्मेन्द्र चौधरी, ललन प्रसाद रावत, विजय दुबे, श्यामकला श्रीवास्तव, अजय तिवारी, त्रिभुवन सिंह, वृदांवन यादव जयराम सिंह, मो. अरशद, आरके सेंगर, एसएन पोद्दार, संजीत श्रीवास आदि ने हर्ष व्यक्त किया है।