Wednesday, October 16, 2024
Homeमध्यप्रदेशजबलपुर: भाजपा विधायक ने सदस्यता अभियान पर उठाए सवाल, कहा- सदस्य बनाने...

जबलपुर: भाजपा विधायक ने सदस्यता अभियान पर उठाए सवाल, कहा- सदस्य बनाने का ठेका मांगा जा रहा

भोपाल (हि.स.)। मध्यप्रदेश में चल रहा भाजपा के सदस्यता अभियान पर भाजपा के ही वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने ही इस सदस्यता अभियान पर सवाल उठाए हैं। भाजपा विधायक विश्नाेई का बयान सामने आने के बाद कांग्रेस आक्रामक हाे गई और सदस्यता अभियान पर हमला बाेल रही है। हालांकि भोपाल दक्षिण-पश्चिम से भाजपा विधायक और प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, विधायक विश्नोई के बयान का बचाव करते नजर आए।

दरअसल भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय विश्नाेई ने मंगलवार काे अपने साेशल मीडिया अकाउंट एक्स पर एक पाेस्ट किया। जिसमें उन्हाेंने सदस्यता अभियान पर सवाल उठाते हुए लिखा भाजपा के सदस्य बनवाने हैं तो पैसा खर्च कीजिए। आज मेरे फोन पर फोन नंबर +917880298199 से फोन आया। ये एक एजेंसी का फोन था जो मेरे अकाउंट से भाजपा के सदस्य बनाने का ठेका मांग रहा था। जाहिर है ऐसी और भी एजेंसी होंगी। जिनकी सेवाएं लेकर गणेश परिक्रमा करने वाले आधारहीन नेता संगठन की नजर में बड़े बनने की कोशिश में लगे होंगे। अजय विश्नाेई ने आगे कहा मैंने पहले भी कुछ लोग विज्ञापन छपवा कर, नेताओं के सम्मान, स्वागत और घर भीतर अपनी सेवाएं देकर नेता बनते देखा है। इस बार यह नया ट्रेंड देखने में आ रहा है। जहां पैसा खर्च करके अपने अकाउंट से बनने वाले सदस्यों की संख्या बढ़ाकर लोग बड़ा नेता बनने में लगे है। इस गिरावट पर हम पुराने कार्यकर्ता अफसोस करने के अलावा और कुछ नहीं कर सकते।

कांग्रेस हुई हमलावर

भाजपा विधायक अजय विश्नाेई का पाेस्ट सामने आते ही कांग्रेस हमलावर हाे गई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अजय विश्नाेई की पाेस्ट काे रिट्वीट करते हुए लिखा फ़र्ज़ी आंकड़ों का प्रचार-प्रसार करके अपनी सदस्यता अभियान चलाने वाली भाजपा की पोल अब ख़ुद भाजपा के विधायक ही खोल रहे हैं। भाजपा लगातार 20 वर्षों से अत्याचार, उत्पीड़न, भुखमरी और गरीबी में मध्य प्रदेश के आँकड़े बढ़ा ही रही है; अब अपनी सदस्यता अभियान में एजेंसियों की मदद लेकर फ़र्ज़ी तरीक़े से ये आँकड़े भी बढ़ा रही है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंगार ने भी कढ़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा भाजपा की सदस्यता को लेकर अजय विश्नोई जी ने कहा कि सदस्यता को लेकर ठेके दिए जा रहे हैं। सदस्यता ठेकों पर की जा रही है। मैं बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा से कहना चाहूंगा कि अब तो स्वीकार कर लें कि किस प्रकार से बीजेपी जबरदस्ती प्रदेश में अपना सदस्यता अभियान चला रही है और कैसे आंकड़े का जादू दिखाना चाहती है, वी.डी. शर्मा को अजय विश्नोई की बात को थोड़ा गौर से सुनना चाहिए।

विधायक सबनानी ने किया बयान का बचाव

अजय विश्नोई के ट्वीट पर भोपाल दक्षिण-पश्चिम से भाजपा विधायक और पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा, ये तो पूरी तरह गलत आरोप है। सदस्यता का इस बात से कोई संबंध नहीं है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से सदस्यता हो रही है। इस तरह का कुछ चल रहा है, तो इस तरह का कोई सिस्टम मान्य नहीं होगा। हमें कहा गया है कि आप जा कर लोगों से बात कीजिए। अगर लोग जुड़ना चाहते हैं तो उनको जोड़िए। इस हल्के तरीके से सदस्यता करवाना नेतृत्व कभी स्वीकार नहीं करेगा। ऐसा कुछ प्रमाणित होता है तो पार्टी कदम उठाएगी। विश्नोई जी के ट्वीट को गलत परिप्रेक्ष्य में लिया जा रहा है। सबको सदस्यता अभियान को लेकर लक्ष्य दिया गया है। कार्यकर्ता मेहनत कर रहे हैं। कार्यकर्ता रेफरल पर काम कर रहे हैं। कार्यकर्ता को साथ लेकर चलें। कार्यकर्ता को भी खुशी होगी।

संबंधित समाचार

ताजा खबर