सोमवार को नहीं होगा उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान, कार्य का बहिष्कार करेंगे बिजली कर्मी

दिवाली के पूर्व 8 प्रतिशत डीए एवं वेतन वृद्धि नहीं दिए जाने पर मध्य प्रदेश के सभी 52 जिलों के विद्युत अधिकारियों एवं कर्मचारियों में अत्याधिक आक्रोश व्याप्त है। जिसे देखते हुए मध्य प्रदेश विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के द्वारा सोमवार 1 नवंबर को कार्य का बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

इसके साथ ही जबलपुर में विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्ति भवन बैरियर के पास के समक्ष धरना प्रदर्शन कर ज्ञापन पत्र सौंपा जावेगा। इसके अलावा सभी जिलों में विद्युत मुख्यालयों के समक्ष संयुक्त मोर्चा द्वारा कार्य बहिष्कार करते हुए धरना प्रदर्शन कर शाम 5 बजे ज्ञापन सौंपा जाएगा।

इस दौरान पूरे प्रदेश में कहीं भी विद्युत अधिकारी व कर्मचारी कार्य नहीं करेंगे। इस दौरान न मेंटेनेंस से सम्बंधित कोई कार्य होंगे और न ही उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान ही हो पाएगा।

संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के द्वारा मध्य प्रदेश के सभी शासकीय कर्मचारियों को दीपावली के पूर्व 8 प्रतिशत डीए एवं वेतन वृद्धि देने के आदेश कर दिए गए हैं, किंतु मध्य प्रदेश की विद्युत कंपनियों के कंपनी प्रबंधन के द्वारा आज तक डीए प्रदान किये जाने के आदेश जारी नहीं किए गए हैं।

संयुक्त मोर्चा के हरेंद्र श्रीवास्तव, अशोक जैन, अजय मिश्रा, आरके जैन, एसके सचदेवा, राकेश रमन रैकवार, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, अजय कश्यप, जेके कोस्टा, अरुण मालवीय, इंद्रपाल सिंह, सुरेंद्र मेश्राम, आजाद सकवार, शशि उपाध्याय, महेश पटेल, दशरथ शर्मा, मदन पटेल, पीएन मिश्रा, नितिन आदि के द्वारा विद्युत कंपनी प्रबंधन से मांग की गई है कि दीपावली के पूर्व 8 प्रतिशत डीए एवं वेतन वृद्धि देने के आदेश तत्काल करें।