विद्युत कंपनी प्रबंधन के प्रति कार्मिकों में बढ़ रहा आक्रोश: संयुक्त मोर्चा ने किया आंदोलन का ऐलान

मध्य प्रदेश विद्युत अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों के द्वारा आक्रोश जताते हुए कहा गया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के द्वारा 8 प्रतिशत डीए एवं वेतन वृद्धि देने के आदेश दिए गये हैं।

जिसके अंतर्गत प्रदेश के सभी विभाग में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इसका लाभ दिया जाना है। इसके बावजूद मध्य प्रदेश की सभी विद्युत कंपनी प्रबंधनों के द्वारा अभी तक डीए एवं वेतन वृद्धि देने के आदेश जारी नहीं किये गये हैं। संयुक्त मोर्चा ने आक्रोश जताते हुए विद्युत कंपनी प्रबंधनों से पूछा है कि डीए एवं वेतन वृद्धि देने के आदेश क्यों जारी नहीं किए जा रहे हैं।

संयुक्त मोर्चा का कहना है कि कंपनी प्रबंधन अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति संवेदनशील नहीं है। मध्य प्रदेश के 52 जिलों में इतने कम अधिकारी-कर्मचारी होने के बावजूद भी उपभोक्ता सेवा सर्वोपरि को ध्यान रखते हुए सभी उपभोक्ताओं को 24 घंटे गुणवत्तापूर्ण बिजली देकर पूरे मध्य प्रदेश को रोशन किए हुए हैं और अपने कार्य में जी-जीन से जुटे हुये हैं।

आज उन्हीं अधिकारियों-कर्मचारियों को डीए एवं वेतन वृद्धि ना देकर अंधेरा किया जा रहा है। संयुक्त मोर्चा के हरेंद्र श्रीवास्तव, अजय मिश्रा, अशोक जैन, राजेश जैन, राकेश, रमन रैकवार, एसके सचदेवा, अजय कश्यप, मोहन दुबे, राजकुमार सैनी, जेके कोस्टा, शशि उपाध्याय आदि ने सभी कंपनियों के प्रबंधन से मांग की है कि दीपावली के पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री के आदेशानुसार डीए एवं वेतन वृद्धि दिए जाने के आदेश तत्काल जारी करे।