Wednesday, February 19, 2025
Homeएमपीएमपी के आधे जिले शीतलहर की चपेट में, मौसम विभाग ने जारी...

एमपी के आधे जिले शीतलहर की चपेट में, मौसम विभाग ने जारी किया अगले 4 दिन कड़ाके की ठंड का अलर्ट

भोपाल (हि.स.)। उत्तर भारत की तरफ से आ रही बर्फीली हवाओं ने दिन में भी सिहरन बढ़ा दी है। मध्यप्रदेश में लगातार 5वें दिन शुक्रवार को भी शीतलहर चली। प्रदेश के 25 से ज्यादा जिलों में लोग कड़ाके की सर्दी से ठिठुरते नजर आए। मौसम विभाग ने अगले 4 दिन के लिए कड़ाके की सर्दी पड़ने का अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, इंदौर, नीमच, मंदसौर, धार, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, विदिशा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, जबलपुर, कटनी, शहडोल, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में सर्द हवाएं चलीं। चार शहरों उमरिया, राजगढ़, रायसेन एवं पचमढ़ी में रात का तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से कम रहा। शाजापुर, शहडोल, जबलपुर, सिवनी, सागर, पचमढ़ी, सीहोर, कटनी, नीमच में शीतलहर चली। इसके अलावा रायसेन में तीव्र शीतलहर रही।

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिन में पचमढ़ी में 20.4 डिग्री, भोपाल में 22 डिग्री, इंदौर में 22 डिग्री, बैतूल में 22.5 डिग्री, धार में 22.8 डिग्री, गुना में 24.1 डिग्री, ग्वालियर में 24.2 डिग्री, रायसेन में 22.4 डिग्री, रतलाम में 23.2 डिग्री, शिवपुरी में 24 डिग्री, उज्जैन में 23 डिग्री, जबलपुर में 23.3 डिग्री, नरसिंहपुर में 23.2 डिग्री, नौगांव में 24.5 डिग्री, रीवा में 23 डिग्री, सागर में 24.6 डिग्री, सतना में 24.3 डिग्री, सीधी में 21.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 23.1 डिग्री, उमरिया में 24.1 डिग्री और मलाजखंड में 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कई शहरों में पाला पड़ने की भी आशंका

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, ठंड के तेवर और तीखे होने से कई शहरों में पाला पड़ने की भी आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि वर्तमान में उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर जेट स्ट्रीम बना हुआ है। अंडमान में एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है।

अच्छी बर्फबारी होने के साथ ही वर्षा

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में अच्छी बर्फबारी होने के साथ ही वर्षा भी हुई है। इस वजह से वहां का तापमान काफी कम है। पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत से आगे बढ़ जाने के साथ ही हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। दिन के समय हवा की रफ्तार भी 10 से 18 किलोमीटर प्रति घंटा तक थी। इस वजह से शुक्रवार को धूप खिली होने के बाद भी वातावरण में सिहरन बनी रही। शनिवार-रविवार को ठंड के तेवर काफी तीखे होने की भी संभावना है।

Related Articles

Latest News