Wednesday, October 16, 2024
Homeमध्यप्रदेशसंविदा एवं आउटसोर्स कर्मियों की मांगों के निराकरण व बेहतरी हेतु हर...

संविदा एवं आउटसोर्स कर्मियों की मांगों के निराकरण व बेहतरी हेतु हर स्तर पर MPEBTKS को सुदृढ़ करें लाइनकर्मी

मध्यप्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों की बैठक प्रांत अध्यक्ष शंभू नाथ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें तकनीकी कर्मचारी संघ की संगठनात्मक स्थिति पर विस्तृत जानकारी देते हुए संघ के समस्त पदाधिकारियों ने एक स्वर में प्रस्ताव रखते हुए इस बात पर बल दिया कि मंडल की सभी उत्तरवर्ती कंपनियों में कार्यरत नियमित, संविदा, आउटसोर्स और सम्माननीय पेंशनरों की बेहतरी और मांगों को प्राथमिकता से प्रशासन के समक्ष उठाने के लिए हमें अपने संगठन तकनीकी कर्मचारी संघ को पुनः सुदृढ़ और सक्रिय करना होगा, इसके लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।

संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बैठक के विषय में विस्तृत जानकारी देते हुए जोर देकर सभी से आव्हान किया कि अपने अपने क्षेत्र में हर स्तर पर सभी कर्मचारियों, सेवानिवृत कर्मचारियों से सम्पर्क स्थापित कर संगठन को मजबूत करें एवं अपनी जायज मांगों की पूर्ति के लिए किसी भी स्तर तक संगठन के साथ चलने के लिए तटस्थ हों, हमें सभी बिजली कंपनियों सहित प्रत्येक जिलों एवं सभी स्तरों पर तकनीकी की नई शाखाओं का गठन तत्परता से करना होगा, प्रत्येक इकाई में तकनीकी नियमित कर्मचारी, संविदाकर्मियों के साथ आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को भी शामिल करें जिससे, नयी कार्यकारिणी में सभी वर्गों का समावेश हो सके।

बैठक में अध्यक्षता कर रहे शंभूनाथ सिंह ने सभी से आव्हान किया कि तकनीकी कर्मचारी संघ को क्रियाशील करने हम सभी को हर स्तर पर काम करना होगा और उसके लिए हमें संगठनात्मक स्तर पर जो भी सुधार या आमूलचूल बदलाव करने पड़ें उसके लिए हम सदैव तत्पर हैं। शंभूनाथ सिंह ने प्रशासन और कर्मचारियों के बीच संगठन की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के गरिमामय इतिहास की जानकारी दी।

तकनीकी कर्मचारी संघ के ट्रांसमिशन विंग के नेता अजय सिंह तोमर ने मैदानी स्तर पर कर्मचारियों की समस्याओं के लिए शाखाओं के गठन में महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का आव्हान किया, उन्होंने कहा कि हम सभी को हर स्तर पर सभी कर्मचारियों से सतत् सम्पर्क शुरू करना चाहिए। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों ने एकस्वर में कहा कि नयी कार्यकारिणी में सभी युवा, ऊर्जावान साथियों के साथ अनुभवी लोगों को सम्मिलित करने से संगठन सुचारु तथा बेहतरीन ढंग से संचालित होगा।

प्रांतीय सचिव असलम खान ने कहा कि शीघ्र तकनीकी कर्मचारी संघ हर स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। तकनीकी संघ मैदानी स्तर पर सभी स्तर के कार्मिकों, सेवानिवृत्त साथियों से सम्पर्क प्रारंभ कर शाखा का पुनर्गठन करने जा रहा है। इस अवसर पर आरके जोशी, रामकिशोर नगपुरे, सुरेंद्र वर्मा, किशोर कुशवाह, दिनेश पाल “काका”, मिलन चौकसे, धर्मेंद्र मालवीया, उमेश शुक्ला, सनी तिवारी, अवधेश यादव, भरत देशराज, पुनीत राठौर सहित अन्य सभी ने संगठन को प्रभावी ढंग से कार्य करने अनेक महत्वपूर्ण सुझाव दिए और अपने-अपने संभाग में शीघ्र ही नयी शाखाओं के गठन करने हेतु तत्पर रहने कहा। बैठक का संचालन रामकेवल यादव और आभार प्रदर्शन दुर्गेश शर्मा ने किया।

संबंधित समाचार

ताजा खबर