Sunday, September 8, 2024
Homeटॉप न्यूजज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का निधन, लंबे समय से...

ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया का निधन, लंबे समय से थीं अस्वस्थ

भोपाल (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और सिंधिया राजघराने की राजमाता माधवी राजे सिंधिया का बुधवार सुबह दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वे पिछले तीन महीने से दिल्ली एम्स में भर्ती थी।

जानकारी अनुसार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवी राजे सिंधिया ने बुधवार सुबह 9:28 बजे अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ दिन से ‘वेंटिलेटर’ पर थीं। वह निमोनिया के साथ-साथ सेप्सिस से भी पीड़ित थीं। उनका पिछले तीन महीने से एम्स में इलाज किया जा रहा था।

राजमाता के निधन के बाद राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत भाजपा और कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने सोशल मीडिया पर दुख व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर राजमाता माधवी राजे सिंधिया के निधन पर दुख जताते हुए कहा भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूज्य माता जी माधवी राजे सिंधिया के निधन का हृदय विदारक समाचार प्राप्त हुआ। मां जीवन का आधार होती हैं, इनका जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। ।।ॐ शांति।।

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की माताजी के निधन पर अपने शोक संदेश में कहा श्रद्धेय राजमाता माधवी राजे सिंधिया जी के देवलोकगमन का समाचार अत्यंत दु:खद है। मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। दु:ख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा उनके परिवार के साथ हैं। भारतीय संस्कृति के श्रेष्ठ संस्कारों से परिपूर्ण राजमाता अत्यंत विनम्र तथा व्यवहार कुशल थीं। आज वह लौकिक जगत से विदा हुई हैं, किंतु उनके स्नेह और आशीष की छांव सदैव परिजनों के साथ रहेगी। मैं दिवंगत आत्मा के श्रीचरणों में कोटि-कोटि नमन करता हूं। ॐ शांति!

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने शोक संदेश में कहा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की पूज्य माताजी माधवी राजे सिंधिया के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं सिंधिया जी और परिवार को इस वज्रपात को सहने की शक्ति दें। ॐ शांति!

कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम कमलनाथ ने राजमाता के निधन पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा स्वर्गीय माधव राव सिंधिया की धर्मपत्नी एवं ज्योतरादित्य सिंधिया की माता जी माधवी राजे सिंधिया के निधन का समाचार अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मैं शोक संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और सिंधिया परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति देने के लिये ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ। “भावपूर्ण श्रद्धांजलि”

कांग्रेस नेता अरूण यादव ने भी माधवी राजे सिंधिया के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कांग्रेस के कद्दावर नेता स्व. माधवराव सिंधिया जी धर्मपत्नी एवं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया जी की माताजी माधवी राजे सिंधिया के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ, ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

संबंधित समाचार

लोकप्रिय

ताजा खबर