चोरी कर के चाँद की- डॉ रंजना वर्मा

चोरी कर के चाँद की, गयी अमावस रात
अम्बर से होने लगी, आँसू की बरसात

धरती पर इंसान ने, जब भी पाया जन्म,
विधना से पायी सदा, साँसों की सौगात

राम नाम मत भूलना, हर्ष मिले या कष्ट,
कष्ट निवारण कर सदा, हरे राम सब घात

लहर लहर पग धर नदी, बढ़ सागर की ओर,
तृप्ति रहे नित बाँटती, कर जल का निर्यात

बिंदु बिंदु मिल कर किया, करें सिंधु निर्माण,
करे समाहित सूर्य को, दे फिर नवल प्रभात

कर्म हेतु कर पग मिले, मिली चर्मयुत देह,
नित्य करें सत्कर्म तब, हो पावन यह गात

फल की चिंता छोड़ कर, करते रहें सुकर्म,
कही पूर्वजों ने यही, लाख टके की बात

-डॉ रंजना वर्मा

परिचय-
नाम- डॉ रंजना वर्मा
जन्म- 15 जनवरी 1952, जौनपुर (उप्र) में ।
शिक्षा- एमए (संस्कृत, प्राचीन इतिहास), पीएचडी (संस्कृत)

लेखन एवं प्रकाशन- वर्ष 1967 से देश की लब्ध प्रतिष्ठ पत्र पत्रिकाओं में, हिंदी की लगभग सभी विधाओं में। कुछ रचनाएँ उर्दू में भी प्रकाशित।
प्रकाशित कृतियाँ- सावन, समर्पिता, कैकेयी का मनस्ताप, वैदेही व्यथा, संविधान निर्माता, द्रुपद सुता, सुदामा (सभी खण्ड काव्य), चन्द्रमा की गोद में (बाल उपन्यास), समृद्धि का रहस्य (बाल कथा संग्रह)। जज़्बात, ख्वाहिशें, एहसास, प्यास, रंगे उल्फ़त, गुंचा, रौशनी के दिए, खुशबू रातरानी की, ख़्वाब अनछुए (सभी ग़ज़ल संग्रह)। गीतिका गुंजन, सरगम साँसों की, रजनीगन्धा (गीतिका संग्रह), सत्यनारायण कथा (पद्यानुवाद)। मुक्तक मुक्ता (मुक्तकों का संग्रह)। दोहा सप्तशती। एक हवेली नौ अफ़साने, रास्ते प्यार के, अमला (उपन्यास)। सूर्यास्त (कहानी संग्रह)। साईं गाथा (महाकाव्य), गीत मीत के (गीत संग्रह)। शाम सुहानी, यादों के दीप, मंदाकिनी, बूँद बूँद आँसू (ग़ज़ल संग्रह), भावांजलि, आस किरन (गीतिका संग्रह), बसंत के फूल (कुण्डलिया संग्रह)। लौट आओ रुद्र (उपन्यास का पूर्वार्द्ध) प्रेस में।

प्रसारण- गीत, वार्ता तथा कहानियों का आकाशवाणी, फैज़ाबाद से समय समय पर प्रसारण।

सम्मान- श्रीमती राजकिशोरी मिश्र सम्मान, श्रीमती सुभद्रा कुमारी चौहान स्मृति सम्मान, काव्यालंकार मानद उपाधि प्राप्त। छन्दश्री सम्मान, कुंडलिनी गौरव सम्मान, ग़ज़ल सम्राट सम्मान, श्रेष्ठ रचनाकार सम्मान, मुक्तक गौरव सम्मान, दोहा शिरोमणि सम्मान, सिंहावलोकनी मुक्तक भूषण सम्मान।

सम्प्रति- सेवा निवृत्त प्रधानाचार्या (रा.बा.ई. कालेज जलालपुर, जिला अम्बेडकरनगर उप्र)
सम्पर्क-
मोबा. 07507234659