मैं जानता हूँ- अमित कुमार मल्ल

मैं जानता हूँ
जून की दोपहरी में
बहती लू में
कलियाँ नहीं मुस्कराती

जानता हूँ मैं
भागते  भागते
थक कर जिस दीवार पर टेक ली
उसी के खंजरों ने
छुरा घोंपा था

लिपटते घिसटते भागते
रेत में पानी दिखने पर भी
पानी नहीं मिलता

सत्य धर्म पर
रहते
लड़ते भी
विजय नहीं मिलती

तमाम मेहनत व नेक नियत
के बाद भी
हर बार
हार जाते  हो
कोई साथ नहीं देता
कोई सहारा नहीं देता

जानता हूँ मैं
नाउम्मीदी के मंजर में
उदासी ही पलती हैँ

मैं जानता हूँ
हार सिर्फ हार नहीं होती
चोट होती है
आत्म विश्वास पर
दिल पर
दिमाग पर

यह भी जानता हूँ
लहरो से लड़कर भी
किनारो से हारता है आदमी

इसीलिए तुम गुमसुम रहती हो
उदास रहती हो
रोती रहती हो

हार में हंसी भी हारती है
ताजगी भी हारती है
प्रसन्नता भी हारती है

तुम रो लेना
मन कहे तो और रो लेना
उम्मीदों की मौत पर रो लेना
आत्मविश्वास खंडित है तो भी रो लेना
लेकिन
लड़ना
लड़ना मत रोकना
जिंदगी की अंतिम साँस तक

-अमित कुमार मल्ल

परिचय-
नाम – अमित कुमार मल्ल
जन्मस्थान – देवरिया
शिक्षा- एमए, एलएलबी
व्यवसाय- सेवारत, कानपुर नगर में
रचनात्मक उपलब्धियां-
1982 से साहित्यिक क्षेत्र में। प्रथम काव्य संग्रह लिखा नहीं एक शब्द, 2002 में प्रकाशित। प्रथम लोक कथा संग्रह काका के कहे किस्से, 2002 मे प्रकाशित। दूसरा काव्य संग्रह फिर, 2016  में प्रकाशित। 2017 में  प्रथम काव्य संग्रह लिखा नही एक शब्द का अंग्रेजी अनुवाद not a word was written प्रकाशित । काव्य संग्रह फिर की कुछ रचनाये, 2017 में पंजाबी में अनुदित होकर पंजाब टुडे में प्रकाशित। तीसरा काव्य संग्रह – बोल रहा हूँ , वर्ष 2017 में प्रकाशित। काव्य संग्रह- बूँद-बूँद पानी वर्ष 2019 में प्रकाशित। कविताएं , लघुकथाएं व लेख, देश के प्रमुख समाचारपत्रों व पत्रिकाओं में प्रकाशित ।
पुरस्कार/सम्मान-
राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, उत्तर प्रदेश द्वारा 2017 में डॉ शिव मंगल सिंह सुमन पुरस्कार काव्य संग्रह फिर पर दिया गया ।
सोशल मीडिया पर लिखे लेख को 28 जन 2018 को पुरस्कृत किया गया। वर्ष 2019 में, काव्य संग्रह बोल रहा हूँ , पर उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान द्वारा विजयदेव नारायन शाही पुरस्कार।
अन्य- लखनऊ आकाशवाणी केंद्र से काव्य पाठ प्रसारित। फिर काव्य संग्रह की कुछ कविताएं पंजाबी पत्रिका में अनुवादित होकर प्रकाशित। सत्र 2018-19 में दो विश्वविद्यालयों में मेरी पुस्तकों पर एमए के उत्तरार्द्ध में 2 लघु शोध प्रस्तुत।
मोबाइल- 9319204423
ईमेल- [email protected]
ट्विटर- https://twitter.com/amitmall1906?s=09
ब्लॉग- https://amitkumarmall.blogspot.com