Thursday, May 9, 2024
Homeवेब स्टोरीलोकमंचइतिहास के पन्नों में 18 फरवरीः खय्याम का ख्याल आया तो याद...

इतिहास के पन्नों में 18 फरवरीः खय्याम का ख्याल आया तो याद आया- कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता

देश-दुनिया के इतिहास में 18 फरवरी की तारीख तमाम अहम वजह से दर्ज है। यह तारीख भारत के फिल्मी आकाश पर चमकते संगीतकार खय्याम (मोहम्मद जहूर खय्याम हाशमी) के जन्मदिन के रूप में दर्ज है। 18 फरवरी 1927 को जन्मे खय्याम साहब के जिंदगी की धुन 19 अगस्त 2019 को थम गई थी। उनके संगीत की धुनों पर सात दशक तक भारतीय सिनेमा गुनगुनाया है। थिरका है। रोया है। उनकी गिनती संगीत की दुनिया के सर्वश्रेष्ठ संगीतकार के रूप में की जाती है। 2011 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने उन्हें पद्म भूषण सम्मान से नवाजा था।

यह भी खास है कि खय्याम की रगों में देश के लिए कुछ कर गुजरने का जुनून भी था। संभवतः इसीलिए उन्होंने कुछ वक्त ब्रिटिश आर्मी की ओर से बतौर सिपाही बनकर द्वितीय विश्वयुद्ध में योगदान दिया। बाद में वह 1948 में अपने सपने को साकार करने मायानगरी जा पहुंचे। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत फिल्म हीर राझां में बतौर म्यूजिक कंपोजर के तौर पर की थी।

संगीत की दुनिया के सरताज खय्याम ने उमराव जान और बाजार जैसी फिल्मों के हिंदी सिनेमा को अलग पहचान दी। ‘अकेले में वो घबराते तो होंगे, मिटा के हमको पछताते तो होंगे…’ यह फिल्म बीवी (1950) का मशहूर गीत है। मोहम्मद रफी की आवाज से सजे इस नगमे में खय्याम का संगीत था। इस गीत के संगीत ने ही खय्याम को संगीत की दुनिया में स्थापित किया।

खय्याम ने हिन्दी समेत पंजाबी गानों के लिए भी संगीत दिया है। खय्याम ने फिल्म शगुन, कभी-कभी, बाजार, उमराव जान, रजिया सुल्तान, शोला और शबनम, आखिरी खत, फिर सुबह होगी, नूरी, त्रिशूल, आहिस्ता आहिस्ता, दिल-ए-नादान और हीर रांझा जैसी फिल्मों में बेहतरीन संगीत दिया है।

उमराव जान (1981) का नगमा ‘इन आंखों की मस्ती में…’ युवाओं के दिलों में धड़क चुका है। इस गीत पर अभिनेत्री रेखा का नृत्य भी लाजवाब था। इस गीत को आशा भोसले ने आवाज दी थी। खय्याम साहब को इस फिल्म के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया। ‘दिल चीज क्या है आप मेरी जान लीजिए…।’ यह गाना हल्के संगीत से शुरू होता है। सितार की आवाज दिल थामने के लिए मजबूर कर देती है। जैसे- जैसे गीत आगे बढ़ता है, वैसै-वैसे ढोलक और पांव में बंधे घुंघरुओं की आवाज मदहोश करने लगती है।

फिल्म कभी-कभी का नगमा ‘मैं पल दो पल का शायर हूं …’ भी खय्याम के संगीत से सजा है। पूरा नगमा इस तरह है- मैं पल दो पल का शायर हूं/ कल और आएंगे नगमों की/खिलती कलियां चुनने वाले/मुझसे बेहतर कहने वाले/तुमसे बेहतर सुनने वाले/कल कोई मुझको याद करे/क्यूं कोई मुझको याद करे/मशरूफ जमाना मेरे लिए/क्यूं वक्त अपना बरबाद कर/ मैं पल दो पल का शायर हूं। गीत के इन शब्दों को ढालते हुए जो संगीत तैयार किया गया है उसमें कसक है। और ठहराव ऐसा जो शरीर में सिहरन पैदा कर ख्यालों में खो जाने को मजबूर करता है।

खय्याम के संगीत से गुंथा रजिया सुल्तान (1983) का ‘ए-दिले नादान…’ और आहिस्ता आहिस्ता (1980) का ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता…’ गीत भी खूब गुनगुनाया गया। ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता…’ में पीछे छूट गए जीवन के पल आंखों में तैर जाते हैं। खैय्याम के युग को हिन्दी सिनेमा के संगीत का स्वर्णिम कालखंड कहा जा सकता है। उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था, ‘खय्याम ने अपनी यादगार धुनों से अनगिनत गीतों को अमर बना दिया। उनके अप्रतिम योगदान के लिए फिल्म और कला जगत हमेशा उनका ऋणी रहेगा।’

महत्वपूर्ण घटनाचक्र

1614ः जहांगीर ने मेवाड़ पर कब्जा किया।

1695ः फ्रांस के अविष्कार ला सेले ने टेक्सास में बस्ती बसाई।

1884ः चार्ल्स गोल्डन के नेतृत्व में ब्रिटिश फौज सुडान पहुंची।

1900ः दक्षिण अफ्रीका के युद्ध में पाई क्रोन्स ने ब्रिटिश फौज के सामने हथियार डाले।

1905ः शामजी कृष्णवर्मा ने लंदन में इंडिया होमरूल सोसाइटी की स्थापना की।

1911ः भारत में डाक पहुंचाने के लिए पहली बार विमान का इस्तेमाल किया गया। एयर मेल की पहली आधिकारिक उड़ान प्रयागराज ( तब के इलाहाबाद) में शुरू हुई और इसमें कुल 6500 पत्र नैनी ले जाए गए।

1930 : प्लूटो की खोज क्लाइड टॉमबा ने की। इसे लंबे वक्त तक सौरमंडल का नौवां ग्रह माना गया। बाद में इससे ग्रह का दर्जा वापस ले लिया गया।

1946ः मुंबई में शाही नौसेना में विद्रोह।

1965ः द गांबिया युनाइटेड किंगडम के शासन से स्वतंत्र।

1965ः चीन ने पाकिस्तान को 60 करोड़ डॉलर का ब्याजमुक्त कर्ज देने के समझौते पर कराची में दस्तख्त किए।

1970ः फिलीपींस में युवकों ने अमेरिकी सैन्य अड्डों के विरोध में अमेरिकी दूतावास पर धावा बोला।

1971ः भारत और ब्रिटेन के बीच उपग्रह संपर्क कायम।

1979ः अमेरिका ने भारत को 1664 करोड़ रुपये का चेक दिया। इसे दुनिया में सबसे बड़ी रकम का चेक माना जाता है।

1979ः सहारा रेगिस्तान में हिमपात की अनूठी घटना हुई। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ और इसके बाद भी अब तक ऐसा फिर कभी नहीं हुआ।

1988ः बोरिस येल्तसिन को सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के पोलित ब्यूरो से बाहर किया गया।

1998ः सी. सुब्रह्मणयम को भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के इस सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया। वह 1964 से 1966 के बीच भारत के कृषि मंत्री रहे। हरित क्रांति में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

1999ः भारत और बांग्लादेश के बीच बस सेवा पर समझौता।

1999ः संयुक्त राष्ट्रप अमेरिका हथियार निर्यातक देशों की सूची में प्रथम स्थान पर।

1999ः महाराष्ट्र के पोल्ट्री फार्म में भारत का पहला फ्लू केस दर्ज।

1999ः भारत और पाकिस्तान के बीच थार एक्सप्रेस शुरू।

2001ः एफबीआई एजेंट रॉबर्ट हैनसेन को सोवियत संघ के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। दोषी ठहराये जाने के बाद उसे उम्रकैद की सजा सुनाई गई।

2002ः फिजी के विद्रोही नेता जार्ज स्पेट की फ्रांसी की सजा को राष्ट्रपति ने उम्रकैद में बदला।

2003ः दक्षिण कोरिया के प्रमुख शहर ताएगु में एक मेट्रो ट्रेन में आग लगी। 134 लोग मारे गए।

2006ः फिलिस्तीन के राष्ट्रपति ने हमास के नेता इस्माइल हीनया को नई सरकार का गठन करने को कहा।

2007ः दिल्ली से लाहौर (पाकिस्तान) जा रही समझौता एक्सप्रेस में बम विस्फोट। 68 लोगों की मौत।

2008ः पाकिस्तान में बरसों के सैनिक शासन के बाद हुए आम चुनाव में पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी ने 120 सीट जीती। नवाज शरीफ की पार्टी को 90 और निवर्तमान राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ की पार्टी को 51 सीटें मिलीं।

2008ः भारतीय रिजर्व बैंक ने स्विस बैंक यूडीएक एजी को देश में कारोबार करने की अनुमति दी।

2014ः आंध्र प्रदेश का विभाजन करके तेलंगाना के रूप में भारत के 29वें राज्य की स्थापना का प्रस्ताव लोकसभा में पारित।

2014ः यूक्रेन की राजधानी कीव में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प में कम से कम 76 लोगों की मौत।

जन्म

1836ः भारत के महान संत, विचारक और स्वामी विवेकानन्द के गुरु रामकृष्ण परमहंस उर्फ गदाधर चटर्जी

1486ः भक्तिकाल के प्रमुख संत चैतन्य महाप्रभु।

1894ः स्वतंत्रता सेनानी और राजनीतिज्ञ रफी अहमद किदवई।

1925ः हिन्दी कवयित्री कृष्णा सोबती।

1926ः प्रसिद्ध भारतीय अभिनेत्री नलिनी जयवंत।

1927ः भारतीय सिनेमा के प्रसिद्ध संगीतकार खय्याम।

1927ः प्रसिद्ध सितार वादक अब्दुल हलीम जाफर खां।

1933ः प्रसिद्ध अभिनेत्री निम्मी।

1941ःअमेरिकी गायक इमा थॉमस।

1944ः प्रसिद्ध भारतीय पंजाबी गायिका गुरमीत बावा।

2002ः भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर।

निधन

1405ः क्रूरतम शासक तैमूर लंग

1546ः जर्मन धर्म सुधारक मार्टिन लूथर।

1977ः अमेरिकी अभिनेता एंडी डिवाइन।

2016ः पद्म भूषण से सम्मानित हिन्दुस्तानी शास्त्रीय गायक अब्दुल राशिद खान।

संबंधित समाचार