एमपी विद्युत परिवार का हिन्दी महोत्सव 2022: ‘बिना राष्ट्रभाषा के देश होता है गूंगा’

मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय हिन्दी महोत्सव 2022 के द्वितीय दिवस आज शक्त‍िभवन के केन्द्रीय ग्रंथालय में मुख्य अत‍िथ‍ि मानकुंवर बाई महिला महाविद्यालय की हिन्दी प्राध्यापक डॉ स्मृति शुक्ला ने ऐतिहासिक संदर्भ में हिन्दी भाषा का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम में हिन्दी ने पूरे देश के नागरिकों को एक सूत्र में जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया था। वर्तमान काल में हिन्दी भाषा देश के सभी हिस्सों में बोली व स्वीकार की जाती है। यह ध्यान रखना होगा कि बिना राष्ट्रभाषा के देश गूंगा हो जाता है।

डॉ स्मृति शुक्ला ने कहा कि हिन्दी भाषा का सरलीकरण हो और अशुद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि शासकीय कार्यालयों में हिन्दी भाषा को विकसित करने के लिए सभी परिपत्र व आदेश हिन्दी भाषा में प्रसारित किए जाएं। द्वितीय दिवस कार्यक्रम की अध्यक्षता मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने की।

इस अवसर पर मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति के अध्यक्ष एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के मुख्य महाप्रबंधक मानव संसाधन व प्रशासन राजीव गुप्ता, अतिरिक्त महाप्रबंधक अख‍िलेश अग्रवाल, समिति के संगठन सचिव आलोक श्रीवास्तव सहित विद्युत कंपनियों के अभ‍ियंता व कार्मिक उपस्थि‍त थे। हिन्दी भाषा में योगदान देने के लिए मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति ने डॉ स्मृति शुक्ला का सम्मान किया। 

हिन्दी दिवस को सम्पर्क दिवस के रूप में मनाएं

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि हिन्दी दिवस को दरअसल सम्पर्क दिवस के रूप में मनाना चाहिए। इस दिन हिन्दी भाष‍ी अहिन्दी भाष‍ियों को हिन्दी में बोलने व लिखने के लिए प्रेरित करें। श्री तिवारी ने कहा कि विद्युत कंपनियों में हिन्दी भाषा में कार्य करने की परम्परा है लेकिन हिन्दी में कार्य करने की और भी विस्तृत संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय ऐसा है कि सिर्फ हिन्दी को ही नहीं बल्क‍ि अन्य भारतीय भाषाओं को संभाल कर रखने की आवश्कयता है।

दो पुस्तकों का हुआ विमोचन

मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के अधीक्षण अभ‍ियंता प्रवीण गार्गव की दो पुस्तकों सुख की अपनी ऊब है व अंकुरण का विमोचन डॉ स्मृति शुक्ला, सुनील तिवारी व राजीव गुप्ता ने किया। ये दोनों पुस्तकों में लेखक प्रवीण गार्गव का मौलिक चिंतन है।       

प्रतियोगिता में कार्मिकों ने उत्साह से लिया भाग

हिन्दी महोत्सव के द्वितीय दिवस में साहित्य केन्द्र‍ित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में 100 से अध‍िक प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों को साहित्य केन्द्र‍ित पचास वस्तुनिष्ठ प्रश्नों का उत्तर देना था।

प्रेमचंद की कहानी पर नाट्य प्रस्तुति

विवेचना रंगमंडल के कलाकारों ने संतोष राजपूत के निर्देशन में कालजयी कथाकार प्रेमचंद की वर्ष 1932 में लिखी कहानी ‘बड़े भाई साहब’ पर नाट्य प्रस्तुति दी। इस नाट्य प्रस्तुति की विद्युत कार्मिकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। मध्यप्रदेश विद्युत परिवार हिन्दी समिति की ओर से नुसरत सिद्दीकी, सुभाष कोरडे, संजय पोल, परशुराम विश्वकर्मा, उषा गुप्ता, अनिमा झा, सुभद्रा पांडे ने अत‍िथ‍ियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन राजेश पाठक ने किया। 

समापन दिवस पर आज तत्कालिक भाषण प्रतियोगिता

14 सितंबर को शक्त‍िभवन के केन्द्रीय ग्रंथालय में हिन्दी महोत्सव के समापन दिवस पर तत्कालिक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन अपरान्ह 3 बजे से किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अत‍िथ‍ि आकाशवाणी के सेवानिवृत्त अपर महानिदेशक, अनुवादक व साहित्यकार राजीव कुमार शुक्ल होंगे।