सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट द्वारा लगातार 12 घंटे की ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय काव्य गोष्ठी का आयोजन

आजादी के 75वें वर्षगांठ को हमारा देश अमृत महोत्सव के रुप में मना रहा है। इसी श्रृंखला में अखिल भारतीय स्वयं सेवी संस्था सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट ने भारत के वीर योद्धा एवं स्वतंत्रता सेनानियों को सच्ची श्रद्धांजलि के रुप में अमृत महोत्सव काव्य गोष्ठी आयोजित किया। यह एक ऐतिहासिक कार्यक्रम हुआ, जिसमें 140 कवियों का हुंकार भरा साहित्य नाद लगातार 12 घंटे तक सुनने को मिला।

इस वर्ष नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती को भारत सरकार द्वारा पराक्रम दिवस के रुप में मनाने की घोषणा की गई है और अब प्रति वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह की शुरूआत 23 जनवरी से करने की योजना है। इस अवसर पर उपरोक्त स्वयं सेवी संस्था ने काव्य गोष्ठी आयोजित किया जिसमें सुबह 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक लगातार 12 घंटे देश-विदेश के 140 से अधिक कवि एवं कवयित्री गण भारत के वीर योद्धाओं और स्वतंत्रता सेनानियों पर आधारित अपनी काव्य रचनाओं का पाठ करते रहे। इस अवसर पर कानपुर की युवा कवियत्री सोनल ओमर ने भी वीर क्रांतिकारी रामप्रसाद बिस्मिल पर अपनी नवसृजित ओजपूर्ण रचना का काव्य पाठ किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ एवं नवांकुर रचनाकारों का अद्भुत संगम था। सभी ने जोशपूर्ण प्रस्तुति से देश प्रेम का अद्भुत समा बांधा। संस्था की अध्यक्षा ममता सिंह ने बताया कि कार्यक्रम को सुचारू रूप से प्रस्तुत करने के लिए कवि गण को कुल छ: समूहों में बांट कर प्रत्येक के लिए अलग अलग  समय निर्धारित था। प्रत्येक समूह के लिए एक संचालक की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्था की राष्ट्रीय अध्यक्ष ममता सिंह के द्वारा दीप प्रज्वलन और संस्था की डाल्टेनगंज अध्यक्ष ममता झा के सरस्वती वंदना के साथ हुआ।

तत्पश्चात् संस्था के संस्थापक रबींद्र नाथ सिंह द्वारा अतिथियों का स्वागत सम्बोधन हुआ। विभिन्न समूहों के रचनाकार गण का स्वागत संस्था के राष्ट्रीय सलाहकार रथिंद्र नाथ झा, पटना की उपाध्यक्ष आशा चौधरी एवं व्यवस्थापना मंत्री संजय कुमार ओझा ने बारी बारी से किया। संस्था की अध्यक्ष ममता सिंह  ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य नई पीढ़ी में देशप्रेम जागृत करना और उन्हें वीरों और क्रांतिकारी योद्धाओं के इतिहास से परिचित कराना है।

कार्यक्रम में अमेरिका, केन्या, नेपाल, मौरिशस सहित विभिन्न देशों के साहित्यकारों के साथ-साथ भारत के विभिन्न हिस्सों से जुड़े साहित्यिकारों ने आयोजन को सफल बनाया। सभी शामिल रचनाकारों द्वारा प्रस्तुत रचनाओं को संस्था द्वारा एक काव्य पुस्तक के रूप पर में प्रकाशित किया जाएगा, जो एक अद्भुत संकलन के रुप में पाठकों को हमारे वीर योद्धाओं और स्वतंत्रता सेनानियों की गाथाओं के रुप में प्राप्त होगा।

संचालक के रुप में आरती झा, रीता अदा, मनिषा श्रीवास्तव, संजय जैन, भावना मिलन अरोड़ा और अनीश अहमद ने अपने अपने समूह के उत्कृष्ट मंच संचालन से कार्यक्रम में भव्यता प्रदान की। रबीन्द्र नाथ सिंह एवं संजय कुमार ओझा ने धन्यवाद ज्ञापन कर आयोजन समाप्ति की घोषणा की।

बड़ी संख्या में काव्य प्रेमियों ने सोशल मीडिया से जुड़ कर आयोजन का भरपूर आनंद उठाया और संस्था के इस प्रयास की सराहना की। इस सफल आयोजन पर साहित्य जगत से बधाईयां प्राप्त हो रही है जिससे संस्था के कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखा जा रहा है। सोशल एंड मोटिवेशनल ट्रस्ट एक अखिल भारतीय स्वयंसेवी संस्था है, जो साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में समाज का मार्गदर्शन कर रही है। यह संस्था समय समय पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से साहित्यिक वातावरण का निर्माण करती है और साहित्यकारों को मंच प्रदान कर सम्मानित करती है।