Sunday, September 8, 2024
Homeमध्यप्रदेशउत्कृष्ट कार्य करने वाले एमपी के 51 पुलिस अधिकारियों को मिला डीजीसीआर...

उत्कृष्ट कार्य करने वाले एमपी के 51 पुलिस अधिकारियों को मिला डीजीसीआर अवॉर्ड

भोपाल (हि.स.)। मध्य प्रदेश में अपनी कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए कानून व्यवस्था को बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस मुख्यालय के पुलिस ऑफिसर्स मेस में डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (डीजीसीआर) अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीजीपी सुधीर सक्सेना ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 51 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र और डिस्क देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर डीजीपी सक्सेना ने कहा कि मैं सभी पुलिसकर्मियों के त्याग और लगनशीलता की सराहना करता हूं। हमारे पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य पथ पर अडिग रहते हर प्रकार की चुनौतियों से लोहा लेते हुए अपराध पर नियंत्रण और नागरिक सुरक्षा के क्षेत्र में समर्पित भाव से जनसेवा की मिसाल कायम की है। आपकी इस सफलता में आपके परिवारवालों का भी महत्वपूर्ण योगदान है। आपने देशभक्ति-जनसेवा के सूत्रवाक्य को सार्थक किया है। उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग और महिलाओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए अपराधों पर नियंत्रण करें।

पीएचक्यू की ऑफिसर्स मेस में आयोजित अलंकरण समारोह में डीजीपी सक्सेना ने कहा कि मध्य प्रदेश के पुलिस विभाग ने अपनी स्थापना से अब तक की गौरवमयी यात्रा में प्रदेश में कानून व व्यवस्था, शांति, आपसी प्रेम और भाईचारे की परम्पराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने में अविस्मरणीय योगदान दिया है। मध्य प्रदेश पुलिस को इस मुकाम तक पहुंचाने में एक से बढ़कर एक जांबाज अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही है।

पुलिसकर्मियों के कार्य को सम्मानित किए जाने से उत्कृष्टता की संस्कृति को प्रोत्साहन मिलता है। प्रदेश के सभी पुलिस अधिकारियों और जवानों को इनसे प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यक्तिगत जीवन नहीं होता, हमें सदैव अपना कर्तव्य निभाने के लिए चुनौतियों के बीच कार्य करने के लिए तत्पर रहना पड़ता है। ऐसे में अच्छा कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन कर उन्हें सम्मानित और प्रोत्साहित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। डीजीपी सक्सेना ने कहा कि आज इस कार्यक्रम में सम्मानित 51 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के अतिरिक्त भी कई ऐसे पुलिसकर्मी हैं, जिन्होंने उत्कृष्ट कार्य किए हैं। मेरा सभी अधिकारियों से अनुरोध है कि ऐसे अधिकारियों व कर्मचारियों को चिन्हित कर अपनी-अपनी इकाई में पुरस्कृत किया जाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के पुलिस विभाग द्वारा भी सभी पुलिस अधिकारियों व जवानों की दक्षता में वृद्धि के प्रयास के साथ ही कार्य के दौरान वातावरण को और बेहतर बनाने के भी प्रयास किए जा रहे हैं। आत्ममूल्यांकन कर पुलिस की कार्यक्षमता को बढ़ाने के लिए भी निरंतर प्रयास करते रहें और सदैव पूर्ण निष्ठा व लगन के साथ काम करते रहें।

डायरेक्टर जनरल्स कमंडेशन रोल (डीजीसीआर) प्रदान करना वर्दीधारी बलों की एक विशिष्ट परंपरा है, जिसमें बल का मुखिया अपनेअधिकारी/कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए उसके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों को सार्वजनिक रूप से सम्मान देते हुए अलंकरण प्रदान करते हैं।

इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए डीजीपी सक्सेना द्वारा वर्ष 2023 से इस अलंकरण को प्रदान करने के लिए एक भव्य समारोह का रूप दिया गया। इसके अंतर्गत समस्त चयनित अधिकारी/कर्मचारियों को ससम्मान पुलिस मुख्यालय आमंत्रित कर एक गरिमामयी समारोह में समस्त वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष उक्त अलंकरण प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में नवंबर 2022 में उत्कृष्ट कार्यों में उत्तम प्रदर्शन करने वाले चयनित अधिकारी/कर्मचारियों को अलंकरण प्रदान किया गया।

संबंधित समाचार

लोकप्रिय

ताजा खबर