मध्य प्रदेश: स्वतंत्रता दिवस पर इस बार नहीं होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम, दिशा-निर्देश जारी

मध्य प्रदेश में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन की रूपरेखा तय कर दी है। राज्य-स्तर, जिला, जनपद पंचायत और पंचायत मुख्यालयों पर किये जाने वाले आयोजन शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही आयोजित किये जायें।

राज्य स्तर पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रात: 9 बजे के पूर्व शहीद स्मारक में पुष्प अर्पित करेंगे। तदुपरांत मुख्यमंत्री प्रात: 9 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण करेंगे एवं प्रदेश की जनता को संबोधित करेंगे। उक्त संबोधन प्रदेश के सभी जिलों में लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से सुना जा सकेगा। मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश के सभी मंत्रीगण उपस्थित रहेंगे।

जिला-स्तर पर कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। सलामी के बाद राष्ट्रगान का गायन होगा। कलेक्टर कार्यालयों में मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने के इंतजाम किये जायेंगे।

जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि स्वतंत्रता दिवस पर जिला एवं जनपद स्तर पर कोई भी सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाये। स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में जन-सामान्य एवं स्कूली बच्चों को शामिल न किया जाये। कार्यक्रम स्थल पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखी जाये। स्वतंत्रता दिवस पर किसी सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जायेगा। कार्यक्रम स्थल पर हेण्ड सेनेटाइजर, मास्क एवं सामाजिक दूरी का विशेष ध्यान रखना होगा।

इसके साथ ही स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेश में स्थित मुख्य सार्वजनिक भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व की इमारतों में 14 एवं 15 अगस्त की रात में प्रकाश की व्यवस्था की जाये। कोविड-19 संक्रमण के संबंध में भारत सरकार के गृह मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी किये गये निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाये।