भारत अंतर्राष्ट्रीय मेले में मध्यप्रदेश मंडप को मिला कांस्य पदक

दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में शनिवार को मध्यप्रदेश के मंडप को कांस्य पदक मिला। मेले का आयोजन भारत व्यापार संवर्धन संगठन द्वारा ‘आत्म-निर्भर भारत’ थीम पर किया गया। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने प्रदेश को पदक प्रदान किया। प्रदेश सरकार की ओर से लघु उद्योग निगम के उप मुख्य महाप्रबंधक बीएन तिवारी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम के प्रभारी आइटी पार्क अजय मलिक ने पदक प्राप्त किया।

यह मेला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के महान विजन से प्रेरित 14 से 27 नवंबर, 2021 तक अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी सह सम्मेलन केंद्र के नव-निर्मित हॉल तथा नई दिल्ली के प्रगति मैदान के वर्तमान हॉल में भारत की स्वतंत्रता के 75 वें वर्ष के समारोह ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के एक हिस्से के रूप में भी आयोजित किया गया। 

इस मेले में मध्यप्रदेश मंडप भी ‘आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश’ थीम के तहत प्रदर्शित किया गया। मंडप में पहुँचने वाले आगंतुकों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के ‘आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश’ के दृष्टिकोण का स्पष्ट अनुभव करने का अवसर मिला। आगंतुकों ने मंडप में मिले अनुभवों को अपने फेसबुक पेजों पर सेल्फी के साथ पोस्ट कर यादगार बनाया।