Sunday, September 8, 2024
Homeमध्यप्रदेशबाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे एमपी के भाजपा नेता की सड़क...

बाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे एमपी के भाजपा नेता की सड़क हादसे में मौत

रायसेन (हि.स.) । प्रदेश के रायसेन जिले में बाबा महाकाल के दर्शन कर लौट रहे भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. जयप्रकाश किरार की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि किरार उज्जैन से विदिशा अपने घर जा रहे थे। लेकिन गाड़ी पंचर होने के कारण वे टायर बदलने के लिए रुके, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। वहीं इस हादसे में उनके साथ एक अन्य रिश्तेदार भी थे, जो घायल हैं।

जानकारी के अनुसार यह घटना जिला मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर ग्राम खनपुरा के पास की है। शनिवार देर रात करीब तीन बजे भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ जयप्रकाश किरार बाबा महाकाल के दर्शन कर अपने बहनोई के साथ विदिशा जा रहे थे। तभी रायसेन के सांची मार्ग पर खानपुरा के पास उनकी कार पंचर हो गई। वे सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर स्टेपनी बदलने के लिए डिग्गी खोल रहे थे।

इसी दौरान पीछे से आए डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसमें वे काफी गंभीर रूप से घायल हो गये। टक्कर इतनी तेज थी कि वे गाड़ी सहित दूर एक गड्ढे में जाकर गिरे। हालांकि घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल ले गये थे लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

उल्लेखनीय है कि जयप्रकाश किरार करीब दो साल पहले तक रायसेन भाजपा के जिलाध्यक्ष थे, इससे पहले उनकी पत्नी अनीता किरार पांच साल जिला पंचायत अध्यक्ष रहीं। मूलत वह विदिशा के रहने वाले हैं, लेकिन उनकी पूरी राजनीतिक सक्रियता रायसेन में रही है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. किरार के निधन पर जताया दुख

प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय जनता पार्टी जिला रायसेन के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश किरार के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि आप जनसेवा के अपने पुनीत कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव हम सबके हृदय में रहेंगे। दरअसल, किरार की शनिवार रात्रि सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने रविवार को दुख जताते हुए कहा कि “भारतीय जनता पार्टी जिला रायसेन के पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश किरार के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखदायी है। आप जनसेवा के अपने पुनीत कार्यों और विचारों के माध्यम से सदैव हम सबके हृदय में रहेंगे। बाबा महाकाल से पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। ।। ॐ शांति।।”

संबंधित समाचार

लोकप्रिय

ताजा खबर