बिजली कार्मिकों के लिए लाया जाएगा नया ग्रुप इन्श्योरेंस प्लान, सभी कर्मचारी संगठनों को चर्चा के लिए बुलाया

मध्य प्रदेश के बिजली अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नई ग्रुप इंश्योरेंस पॉलिसी लाने की तैयारी चल रही है, इस पर चर्चा के लिए मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी प्रबंधन ने सभी कर्मचारी संगठनों को बुलाया है। कम्पनी प्रबंधन ने कहा है कि पुरानी पॉलिसी की शर्तें कार्मिकों के लिए लाभकारी नहीं होने से उन्हें बंद करने का निर्णय लिया गया है।

कर्मचारी संगठनों को भेजे गए अपने पत्र में कंपनी प्रबंधन ने कहा है कि समूह बीमा सह बचत योजनाओं में भा.जी.बी.नि. द्वारा नवीन प्रस्तावित शर्तें कार्मिकों के लिए लाभकारी नहीं होने के दृष्टिगत समूह बीमा सह बचत योजना पालिसी क्रमांक 125216 एवं 123552 को बन्द करने का निर्णय लिया गया है।

कंपनी द्वारा भारतीय जीवन बीमा निगम से मध्य क्षेत्र कंपनी के कंपनी कैडर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिये ग्रुप इन्श्योरेंस प्लान ग्राहय करने हेतु प्रस्ताव आमंत्रित किया गया था, जिसके तारतम्य में भा.जी.बी.नि. द्वारा प्रेषित प्रस्ताव कंपनी को प्राप्त हुआ है। उक्त संबंध में कंपनी कैडर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए नवीन ग्रुप इन्श्योरेंस प्लान ग्राह्य करने संबंधी चर्चा करने हेतु 13 जुलाई 2022 को अपरान्ह 3 बजे का समय निश्चित किया गया है।

मध्य प्रदेश विद्युत मंडल तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रांतीय महासचिव हरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि तकनीकी कर्मचारी संघ को भी ग्रुप इन्श्योरेंस प्लान पर चर्चा के लिए बुलाया गया है। उन्होंने कहा कि संघ ने हमेशा सभी वर्ग के मैदानी कर्मचारियों का कम से कम 20 लाख रुपए का जीवन बीमा और इलाज के लिए 5 लाख रूपये का कैशलेस बीमा कराए जाने की मांग रखी है। जिस पर सभी कंपनियों के प्रबंधन को शीघ्र निर्णय करना चाहिए।