Sunday, September 8, 2024
Homeमध्यप्रदेशकेंद्रीय मंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान का प्रथम भोपाल आगमन...

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान का प्रथम भोपाल आगमन आज, ऐतिहासिक स्वागत की तैयारी

भोपाल (हि.स.)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान का पदभार ग्रहण के बाद आज रविवार को भोपाल में प्रथम नगर आगमन हो रहा है। उनके आगमन से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ पूरे मध्यप्रदेश में खुशी की लहर है। भोपाल में स्वागत के लिए भव्य तैयारियां की जा रही हैं, जगह जगह उनके स्वागत के लिए मंच बनाए गए हैं।

गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रातः दिल्ली से रवाना होकर दोपहर 2.15 बजे शताब्दी एक्सप्रेस से भोपाल स्टेशन पहुंचेंगे। जहां उनकी अगवानी कार्यकर्ता और समर्थक करेंगे। शताब्दी एक्सप्रेस से यात्रा के दौरान प्रदेश के मुरैना, ग्वालियर और बीना स्टेशन पर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता चौहान का भव्य स्वागत करेंगे ।

केंद्रीय मंत्री बनने के बाद शिवराज सिंह चौहान के प्रथम नगर आगमन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां जोरों पर हैं। भोपाल रेलवे स्टेशन से प्रदेश भाजपा कार्यालय तक 65 से अधिक जगहों पर भव्य स्वागत किया जाएगा, जिसमें पूरे भोपाल, विदिशा-रायसेन संसदीय क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित प्रदेश भर से भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे।

गौरतलब है कि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 9 जून को मंत्री पद की शपथ ली थी, इसके बाद उन्होंने 10 जून को कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय का पदभार ग्रहण किया। केंद्रीय मंत्री बनने के बाद प्रथम बार भोपाल आ रहे हैं।

केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल प्रदेश के 6 मंत्रियों का आज होगा अभिनंदन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिपरिषद में शामिल प्रदेश के 6 मंत्रियों का आज रविवार को शाम 5 बजे भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में अभिनंदन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री व वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे।

भाजपा प्रदेश महामंत्री और विधायक भगवानदास सबनानी ने बताया कि मध्यप्रदेश के सभी 6 केंद्रीय मंत्रियों शिवराज सिंह चौहान, डॉ. वीरेन्द्र कुमार, ज्योतिरादित्य सिंधिया, एल. मुरूगन, दुर्गादास उईके, सावित्री ठाकुर का पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व द्वारा अभिनंदन किया जाएगा। अभिनंदन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद के साथ प्रदेश कोर ग्रुप के सदस्य, प्रदेश शासन के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, सांसद, विधायक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

संबंधित समाचार

लोकप्रिय

ताजा खबर