सीएम चौहान का ऐलान: 2200MW बढ़ाई जाएगी एमपी की विद्युत उपलब्धता, चलेगा ऊर्जा साक्षरता अभियान

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में ध्वजारोहण तथा परेड की सलामी के बाद जनता को संबोधित करते हुए कहा है कि प्रदेश के निर्माण के लिए हर नागरिक को अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के निर्माण के लिए जनता के साथ मिलकर निर्णय लेने के उद्देश्य से प्रदेश में जनभागीदारी मॉडल विकसित किया गया है। प्रदेश में विभिन्न वर्गों की पंचायतों का आयोजन पुन: आरंभ किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता के कल्याण की योजनाएँ जनता के साथ मिलकर बनाई जाएंगी और उनका क्रियान्वयन भी जनता के माध्यम से होगा। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण जनभागीदारी से किया जाएगा। हमें जनता का सहयोग चाहिए जनसहयोग के बिना अकेली सरकार प्रदेश का नव निर्माण नहीं कर सकती है।

सीएम चौहान ने कहा कि हम मिलकर समृद्ध विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे। मैं ऐसे मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए स्वयं को समर्पित करता हूँ। उन्होंने कहा कि विद्युत के क्षेत्र में निरंतर आत्म-निर्भर बने रहने के लिए विद्युत उपलब्धता में इस साल 2,200 मेगावाट की वृद्धि की योजना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेती और घरेलू उपयोग के लिए राज्य सरकार द्वारा बिजली पर लगभग 21 हजार करोड़ रुपए की सबसिडी दी जा रही है, ताकि हर गरीब को सस्ती दर पर बिजली मिल सके। राज्य सरकार ऊर्जा साक्षरता अभियान प्रारंभ करने जा रही है। इसके माध्यम से स्कूलों-कॉलेजों के विद्यार्थियों को सौर ऊर्जा और ऊर्जा की बचत के विषय में जानकारी दी जायेगी।