Monday, May 20, 2024
Homeएमपीजबलपुर कलेक्टर रह चुकीं आईएएस वीरा राणा होंगी मध्य प्रदेश की मुख्य...

जबलपुर कलेक्टर रह चुकीं आईएएस वीरा राणा होंगी मध्य प्रदेश की मुख्य सचिव, आदेश जारी

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मण्डल भोपाल की अध्यक्ष तथा कृषि उत्पादन आयुक्त आईएएस श्रीमती वीरा राणा को मध्यप्रदेश शासन का मुख्य सचिव बनाया गया है।

मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि इकबाल सिंह बैंस, भाप्रसे (1985), मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन के 30-11-2023 (अपरान्ह) से शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर श्रीमती वीरा राणा, भाप्रसे (1988) अध्यक्ष, माध्यमिक शिक्षा मण्डल, भोपाल तथा कृषि उत्पादन आयुक्त, मध्यप्रदेश (अतिरिक्त प्रभार) को अपने वर्तमान कर्तव्यों के साथ-साथ अस्थाई रूप से आगामी आदेश तक मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन का प्रभार अतिरिका रूप से सौंपा जाता है।

मध्य प्रदेश में अनुशासन प्रिय प्रशासनिक अधिकारियों में शुमार की जाने वाली आईएएस श्रीमती वीरा राणा भारतीय प्रशासनिक सेवा 1988 बैच की महिला अधिकारी है। वीरा राणा का जन्म 26 मार्च 1964 को उत्तर प्रदेश में हुआ था। उन्होंने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स और एमबीए की डिग्री हासिल की हुई है। वीरा राणा मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की अध्यक्ष, मध्य प्रदेश राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी, खेल और युवा कल्याण विभाग की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी, प्रशासन अकादमी में महानिदेशक, कुटीर और ग्रामोद्योग विभाग और सामान्य प्रशासन विभाग कार्मिक जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं।

आईएएस श्रीमती वीरा राणा 1 जुलाई 1998 से 1 अक्टूबर 1999 तक अविभाजित मध्य प्रदेश और वर्तमान छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की कलेक्टर रही। इसके अलावा 1 जून 2000 से 16 सितंबर 2002 तक मध्य प्रदेश के विदिशा जिले एवं 17 सितंबर 2002 से 15 जुलाई 2003 तक जबलपुर जिले की कलेक्टर रह चुकी हैं। श्रीमती वीरा राणा मार्च 2024 में रिटायर हो जायेंगी।

संबंधित समाचार