Tuesday, September 17, 2024
Homeमध्यप्रदेशबारिश के बीच मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, सीएम डॉ. यादव ने बच्चों...

बारिश के बीच मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस, सीएम डॉ. यादव ने बच्चों के साथ किया योग

भोपाल (हि.स.)। राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में शुक्रवार को 10वां अंतरराष्ट्रीय योग उत्साह के साथ मनाया गया है। इस दौरान प्रदेश में कई जगह बारिश हो रही थी। इसके बावजूद लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीएम हाउस में बच्चों के साथ योग किया। बारिश के कारण भोपाल में होने वाले मुख्य कार्यक्रम लाल परेड मैदान की जगह मुख्यमंत्री निवास पर हुआ। वहीं, प्रदेश की सबसे ऊंची चोटी धूपगढ़ में बारिश के बीच योग किया गया, जबकि उज्जैन में क्षिप्रा नदी में बच्चों ने जलयोग किया।

राजधानी भोपाल में गुरुवार देर रात से तेज बारिश हो रही है, जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही। बारिश के कारण अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्य कार्यक्रम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित किया गया। यहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बच्चों और जन प्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योग किया। इस राज्यस्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम मुख्यमंत्री ने श्री अन्न संवर्धन अभियान का उद्घाटन किया।

श्री अन्न संवर्धन प्रोत्साहन अभियान कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संबोधित करने वाले थे। बाद में पीएम ने योग दिवस पर संबोधन दिया। जानकारी मिली है श्रीनगर में मौसम खराब होने के कारण प्रधानमंत्री का संबोधन कार्यक्रम निरस्त हो गया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि योग मतलब मन और आत्मा का जुड़ाव। जुड़ाव आत्मा का चेतना से, सार्वभौमिकता से। योग के माध्यम से निरोग रहने के लिए शारीरिक दक्षता की आवश्यकता है। इस दक्षता के साथ आहार का भी उतना ही महत्व है। श्री अन्न अर्थात मोटे अन्न के माध्यम से हमें यही दक्षता मिलती है।

डॉ मोहन यादव ने कहा कि योग मतलब ही जुड़ाव है। मध्य प्रदेश सरकार ने योग आयोग का गठन किया है। राज्य में आनंद विभाग का कार्य कर रहा है। आयुर्वेदिक कॉलेज खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने योग को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जब से योग दिवस मनाने की घोषणा की तब से योग से निरोग होने का एक वृहद अभियान चला है। राज्य सरकार भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रही है।

प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें मंत्रिमंडल के सदस्य शामिल हुए। जिन जिलों में मंत्री शामिल नहीं हुए, वहां प्रशासनिक अधिकारियों ने यह जिम्मेदारी निभाई। प्रदेश में आज से ही श्रीअन्न संवर्धन प्रोत्साहन अभियान भी शुरू किया गया है। कल से हो रही बारिश के कारण राज्य स्तरीय कार्यक्रम सहित अन्य कार्यक्रमों पर असर पड़ा है। विदिशा के कार्यक्रम में सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने बच्चों के साथ योग किया।

इंदौर जिले में भी दसवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला स्तरीय, विकासखंड और पंचायत स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बड़ा गणपति स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुआ, जिसमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शामिल हुए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और बच्चों के साथ योग किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर सीहोर में आवासीय खेलकूद संस्थान में योग शिविर का आयोजन किया गया। इसमें राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा के साथ-साथ बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए और सामूहिक योगाभ्यास किया गया।

प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सभी जिला, विकासखंड एवं पंचायत स्तर पर सामूहिक योग के कार्यक्रम हुए। सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों के छात्रों के अलावा अन्य समस्त शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थी के साथ ही शासकीय सेवकों, स्वयंसेवी संगठन, वाणिज्यिक एवं औद्योगिक संगठनों के लोगों ने भी इन कार्यक्रमों में भाग लिया।

संबंधित समाचार

ताजा खबर