इंदौर में प्रशासन ने नेस्तनाबूत किया कम्प्यूटर बाबा का आश्रम, 46 एकड़ में फैला है आश्रम

मध्य प्रदेश के इंदौर में नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कम्प्यूटर बाबा के गोम्टगिरी में 46 एकड़ में फैले आश्रम के 2 एकड़ के हिस्से में बने अवैध निर्माण को नेस्तनाबूत कर दिया।

बताया जा रहा है कि प्रशासन ने इस दौरान कम्प्यूटर बाबा सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। ये भी कहा जा रहा है कि प्रशासन ने कम्प्यूटर बाबा को अवैध आश्रम का निर्माण करने पर दो महीने पहले ही नोटिस थमाया था। जिसके बाद अब प्रशासन ने अवैध कब्जे वाले हिस्से को ढहा दिया है।

गौरतलब है कि कम्प्यूटर बाबा ने हाल ही में राज्य में सम्पन्न हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी का प्रचार किया था। इंदौर प्रशासन की कार्रवाई को इससे जोड़कर भी देखा जा रहा है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर इसे बदले की कार्यवाही बताया। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि इंदौर में बदले की भावना से कम्प्यूटर बाबा का आश्रम व मंदिर बिना किसी नोटिस दिए तोड़ा जा रहा है। यह राजनैतिक प्रतिशोध की चरम सीमा है, मैं इसकी निंदा करता हूं।