कृषि मंत्री की घोषणा: एमपी की प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर किया जायेगा नमो चौपाल का निर्माण

मध्य प्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर नमो चौपाल का निर्माण किया जाएगा। कृषि मंत्री ने उज्जैन में हुए एग्री एक्सपो (कृषि मेले) के शुभारंभ समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि नमो चौपाल पर किसान, ग्रामीण और कृषि वैज्ञानिक खेती-किसानी पर सामूहिक चर्चा करेंगे। मेले में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ मोहन यादव ने किसानों से आहवान किया कि वे जैविक खेती की ओर आगे बढ़ें। कृषि मंत्री ने एग्री एक्सपो में लगाये गये विभिन्न स्टाल का अवलोकन किया।

कृषि मंत्री ने कहा कि जननी जन्म-भूमि हम सबके लिये महान है। किसानों से आधुनिक खेती, उन्नत खेती, जैविक खेती आदि की चर्चा के लिये कृषि मेलों का आयोजन किया जा रहा है। किसानों के हित में मंडियों का सुदृढ़ीकरण किया गया है। उन्होंने कृषि सम्बन्धित योजनाओं का विस्तार से जिक्र करते हुए किसानों से आहवान किया कि वे अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लें। शिवराज सरकार किसानों की चिन्ता करने वाली सरकार है। पहले कृषि विश्वविद्यालयों में प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती सम्बन्धित विषयों को पढ़ाया नहीं जाता था, परन्तु अब उन्हें निर्देशित किया गया है कि वे इस सम्बन्ध में पढ़ाने का कार्य करें, जिससे हमारे किसान अधिक से अधिक प्राकृतिक एवं जैविक खेती कर सकें।

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ यादव ने कहा कि किसान अधिक से अधिक जैविक खेती करें। सांसद अनिल फिरोजिया ने कहा कि मोटा अनाज का उपयोग अधिक से अधिक करें। मोटा अनाज खाने में अधिक उपयोग करें। स्थानीय विधायक पारस जैन ने कहा कि किसान जैविक खेती कर उत्पादन बढ़ायें। मेले में बहादुर सिंह बोरमुंडला, अनिल जैन कालूहेड़ा, सोनू गेहलोत, भारत सिंह बैस, विनोद शर्मा, कमल आंजना, नाहर सिंह पंवार, किसान आदि उपस्थित थे।

कृषि मंत्री ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के परियोजना संचालक ‘आत्मा’ के उज्जैन कार्यालय का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कृषि मंत्री ने उज्जैन में किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संभागीय कार्यालय ज्ञान प्रसार केन्द्र (संयुक्त संचालक कृषि) का भूमि-पूजन किया।