एमपी के ऊर्जा मंत्री का पुत्र बनकर बिजली अधिकारियों पर जमाई धौंस, कराए कई कार्य

मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर का पुत्र बनकर एक जालसाज ने बिजली विभाग के अधिकारियों को धमका कर अनेक कार्य करवा लिए, इतना ही नहीं ऊर्जा मंत्री के पुत्र होने का रौब दिखाकर गांव में ट्रांसफार्मर भी लगवा लिया। लेकिन लगातार बिजली अधिकारियों को फोन करने और बातचीत के लहजे से अधिकारियों को उसपर शक हुआ और मामला तत्काल ऊर्जा मंत्री के संज्ञान में लाया गया। उन्होंने अपने पुत्र से बात की उसके बाद कल बुधवार को रिपुदमन सिंह ने साइबर क्राइम ब्रांच में अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने बुधवार की रात को ही आरोपी रामबरन बंजारा को गिरफ्तार कर लिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जालसाज रामवरन बंजारा ने बिजली अधिकारियों को झांसा देने के लिए ट्रू कॉलर पर भी ऊर्जा मंत्री के पुत्र का फोटो लगाकर नाम दर्ज कर रखा था। जिससे वह जिसे कॉल करता था वह  अधिकारी उसे ऊर्जा मंत्री का पुत्र समझ कर तब्वजो देता था। रामवरन 12 वीं पास है। पूछताछ में रामवरन ने खुलासा किया उसे पता था राजनेताओं का दबदबा रहता है।

जालसाज को ऊर्जा मंत्री के पुत्र रिपुदमन सिंह के बारे में जानकारी थी। इसलिए उनके नाम का इस्तेमाल किया। रिपुदमन के नाम से अधिकारियों को फोन करने पर उसने जो कहा वह काम हो गया तो इसे जालसाज ने ठगी का जरिया बना लिया। जालसाज ने बताया कि उसने गांव में लोगों से बिजली की डीपी लगाने का ठेका लिया था। ऊर्जा मंत्री के पुत्र के नाम से फोन किया तो काम हो गया। फिर बेरोजगारों की नौकरी लगवाने की कोशिश की।