जबलपुर में किसानों को सुगमता से उपलब्ध होगी खाद, वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने के लिए कलेक्टर ने शासन को भेजा प्रस्ताव

जबलपुर कलेक्ट्रेट के सभागार में कलेक्टर सौरव कुमार सुमन की अध्यक्षता में जिले के कृषक प्रतिनिधियों की मासिक बैठक आज माह के प्रथम शनिवार को आयोजित की गई। बैठक में किसानों के कृषि से संबंधित सभी वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कृषि से संबंधित सभी विषयों पर चर्चा हुई।

जिले के सभी तहसीलों व क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उपस्थित कृषक प्रतिनिधियों ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं से कलेक्टर को अवगत कराया। धान उपार्जन पर जिला प्रशासन द्वारा जानकारी दी गई की जिले में इस वर्ष 1081 करोड़ रुपए की धान खरीद हुई है। जिसमे 1027 करोड़ का भुगतान हो गया है। 54 करोड़ का भुगतान शेष बचा है, 18 करोड़ और आ गया है जिसका भुगतान शीघ्र कर दिया जायेगा। शेष भुगतान में एक सप्ताह का समय लगेगा। 77 किसानो का तकनीकी कारणों से ई पी ओ फेल हुआ है। उसे ठीक कराया जा रहा है।

कलेक्टर ने बताया कि 1500 खसरे सत्यापन में संदिग्ध पाए गए थे, जिसमे 80 प्रतिशत सत्यापित हो गए हैं। जो सही पाए गए है। शेष 20 प्रतिशत पुनः कराए गए, भौतिक सत्यापन में फर्जी पाए गए हैं, इस फर्जीवाड़ा में दोषियों पर एफआईआर की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस वर्ष गेहूं उपार्जन हेतु पंजीयन 8 फरवरी से प्रारंभ होगा। चना, मसूर, सरसों के पंजीयन भी उसी समयावधि में होंगे। विगत बैठक में जबलपुर मंडी व सिहोरा मंडी से संबंधित शिकायतों के संबंध में लिए गए निर्णयों के क्रियान्वयन न होने की जानकारी को गंभीरता से लिया गया तथा सख्त निर्देश दिए गए।

बिजली विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति को भी गंभीरता से लिया गया। वहीं बेलखेडी मायनर, मदना मायनर, फनवानी मायनर, टिकटिया, बुधुवा, चिखली मायनर, झगरा, मुर्रई, खजरी दोनी मायनर नहर की खराब स्थिति व कई जगह से टूटे होने की शिकायत पर अगली बैठक के पहले ठीक कराकर जानकारी देने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही खाद वितरण को सुगम बनने वितरण केंद्रों की संख्या बढ़ाने हेतु प्रस्ताव शासन को भेजने का निर्णय किया गया। ओडीओपी के अंतर्गत मॉल खोलने तथा गोवर्धन परियोजना के तहत बायोमास, सीएनजी प्लांट जबलपुर में स्थापना हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने का भी निर्णय लिया गया।

बैठक मे भारत कृषक समाज से केके अग्रवाल, सुभाष चंद्रा, किसान सेना से डॉ ब्रजेश अरजरिया, आरएम पटेल, भारतीय किसान संघ से दामोदर पटेल, सुनील पटेल आदि ने किसानों की समस्यायों पर चर्चा में भाग लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक का संचालन उप संचालक कृषि एसके निगम ने किया।