मप्र पर्यटन बोर्ड को मिला राष्ट्रीय स्तर का गोल्ड स्कॉच अवार्ड

नई दिल्ली में आयोजित ऑनलाइन 75वें स्कॉच समिट में मप्र पर्यटन बोर्ड को महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल कार्यक्रम और ड्राइव इन वैक्सीनशन सेंटर के लिए राष्ट्रीय स्तर का गोल्ड स्कॉच अवार्ड प्रदान किया गया है। मप्र पर्यटन बोर्ड को टूरिज्म एंड कल्चर सेगमेंट में बेस्ट इनोवेटिव प्रोजेक्ट की श्रेणी में यह पुरस्कार प्रदान किया गया है।

प्रमुख सचिव पर्यटन और टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध निदेशक शिव शेखर शुक्ला ने गोल्ड स्कॉच अवॉर्ड मिलने पर कहा कि पर्यटन विभाग इसी तरह सामाजिक उत्तरदायित्व की भूमिका निर्वहन करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड के महिला सुरक्षा और कोविड-19 वैक्सीनेशन अभियान में किये गए नवाचार को राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है। यह पर्यटन विभाग के लिए सामाजिक जागरूकता की दिशा में नित नए प्रयोग करने की प्रेरणा बनेगा।

महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल का विकास

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में पर्यटन स्थलों को महिलाओं हेतु सुरक्षित पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए निर्भया योजना में केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना का संचालन मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड द्वारा किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि परियोजना में चरणबद्ध तरीके से आगामी 3 वर्षो में 50 पर्यटन स्थलों को 20 क्लस्टरो के रूप में विभाजित कर कार्य किया जाएगा। इसमें संबंधित हितधारकों के लिए प्रशिक्षण क्षमता निर्माण, महिलाओं की सुरक्षा के प्रति जागरूकता सृजन, आईईसी, आत्मरक्षा प्रशिक्षण, पर्यटन स्थलों का सुरक्षा की दृष्टि से अंकेक्षण और अधिक से अधिक कार्यशील महिलाओं की उपस्थिति सुनिश्चित कर महिलाओं के लिए अनुकूल वातावरण निर्माण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इसमें महिलाओं का कौशल संवर्धन और क्षमता निर्माण, महिला पर्यटकों को पर्यटन स्थलों के विषय में आवश्यक जानकारियाँ एवं सूचनाएँ उपलब्ध कराना और सहयोग प्रदान करना आदि गतिविधियां सम्मिलित है। इससे स्थानीय समुदाय के साथ महिला पर्यटकों के प्रति सुरक्षा व्यवस्था में समुदाय की सहभागिता बढ़ेगी। पर्यटक आवागमन से स्थानीय युवाओं, समुदाय, महिला स्व सहायता समूह को सीधे लाभ होगा और वे पर्यटन स्थलों की सुरक्षा और विकास के प्रति जिम्मेदार बनेंगे।  

ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर

प्रमुख सचिव शुक्ला ने बताया कि कोविड-19 महामारी के दौरान आमजन को वैक्सीनेशन के प्रति जागरूक करने और सुलभ, सुरक्षित और आरामदायक सुविधा देने की दिशा में नवाचार करते हुए भोपाल स्थित ड्राइव इन सिनेमा में ड्राइव इन वैक्सीनेशन सेंटर की शुरुआत की गई थी। स्वास्थ्य विभाग और यूनिसेफ के सहयोग से 1 मई 2021 से होटल लेक व्यू परिसर में यह वैक्सीनेशन अभियान चलाया गया था। इसमें लोग घरों से अपनी कार में बैठकर यहाँ आये और ऑनलाइन बुकिंग में निर्धारित स्लॉट में उनका कार में ही वैक्सीनशन किया गया। यह अपनी तरह का एक अनूठा प्रयोग था, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा मिली थी।