मध्य प्रदेश में आज से खुलेंगे संग्रहालय एवं स्मारक, दर्शकों को करना होगा दिशानिर्देशों का पालन

मध्य प्रदेश के सभी संग्रहालयों और राज्य संरक्षित स्मारकों को आज शुक्रवार 4 सितंबर से खोलने का निर्णय लिया गया है। आयुक्त पुरातत्व अभिलेखागार एवं संग्रहालय शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण 17 मार्च 2020 से सभी संग्रहालय और राज्य संरक्षित स्मारकों में पर्यटकों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए दर्शकों को प्रवेश दिया जाएगा। गौरतलब है कि केन्द्रीय गृह मंत्रालय सरकार द्वारा 1 सितम्बर को अनलॉक-4 की गाइडलाइन्स जारी की है, जिसके बाद उक्त निर्णय लिया गया है।

बताया जा रहा है कि संग्रहालयों एवं स्मारकों में दर्शकों को जारी होने वाला प्रवेश टिकिट एक घंटा अवधि के लिए मान्य होगा। हर एक घंटे के उपरान्त 20 मिनिट के लिए संग्रहालय को दर्शकों से खाली कर सेनेटाईज कराया जायेगा। इसी तरह से किसी भी दीर्घा में 50 से अधिक दर्शकों के लिए अनुमति नहीं होगी।

इसके अलावा दीर्घा के भीतर चिन्हांकित पथ से ही दर्शकों को प्रादर्शों का अवलोकन करना होगा। प्रादर्शों का स्पर्श करने, फोटोग्राफी आदि इस दौरान पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगी।