इसरो ने जारी की चंद्रयान-2 के कैमरे से ली गई पृथ्वी की खूबसूरत तस्वीरें

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन ने चंद्रयान-2 के कैमरे से खींची गई पृथ्वी की कुछ खूबसूरत तस्वीरें अपने ट्विटर एकाउंट पर जारी की। इसरो से मिली जानकारी के अनुसार चंद्रयान-2 ने लॉन्चिंग के बाद पहली बार अपने एलआई-4 कैमरे द्वारा ली गई पृथ्वी की बेहद खूबसूरत तस्वीरें भेजी हैं।

इसरो के अनुसार चंद्रयान-2 ने शुक्रवार को सफलतापूर्वक धरती की चौथी कक्षा में प्रवेश कर लिया है। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-2 लगातार पृथ्वी की कक्षा से आगे बढ़ रहा है और 2 अगस्त को दोपहर दो से तीन बजे के बीच इसने चौथी बार कक्षा में बदलाव किया। अभी तक की सारी गतिविधियां सामान्य हैं और चार दिन बाद 6 अगस्त को यह धरती की अगली कक्षा में प्रवेश कर जाएगा।