उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही इलाहाबाद का नाम बदल कर प्रयागराज किया जाएगा। इलाहाबाद कुंभ की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित कुंभ मार्गदर्शक मंडल की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी ने ये घोषणा की। उन्होंने कहा कि संत लगातार इलाहाबाद का नाम बदलकर प्रयाग करने की मांग उठा रहे थे। मार्गदर्शक मंडल की बैठक में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठा है।
उन्होंने कहा कि बैठक की अध्यक्षता कर रहे राज्यपाल रामनाईक ने भी इस पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि जहां दो नदियों का संगम होता है, उसे प्रयाग कहा जाता है। उत्तराखंड में देवप्रयाग, कर्णप्रयाग और विष्णुप्रयाग हैं। इलाहाबाद में देवभूमि से निकलने वाली दो पवित्र नदियों का संगम है, इसलिए इसे प्रयागराज कहा जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही औपचारिकताएं पूरी कर इलाहाबाद का नाम प्रयागराज कर देगी।