मेडिकल के क्षेत्र में तीन वैज्ञानिकों को दिया जाएगा इस बार का नोबल प्राइज

दुनिया के प्रतिष्ठित नोबेल पुरस्कार की घोषणा का क्रम शुरू हो गया है, आज हुई घोषणा के अनुसार इस बार का नोबल प्राइज मेडिसिन के क्षेत्र में तीन वैज्ञानिकों को सामूहिक रूप से दिया जाएगा। मेडिसिन के लिए संयुक्त रूप से विलियम जी कायलिन जूनियर, सर पीटर जे रैटक्लिफ और ग्रेग एल सेमेंजा को दिया जाएगा। विलियम जी कायलिन जूनियर औऱ ग्रेग एल सेमेंजा अमेरिका के हैं, जबकि सर पीटर जे रैटक्लिफ ब्रिटेन के रहने वाले हैं। इन वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि ऑक्सीजन का स्तर किस तरह से हमारे सेलुलर मेटाबोलिज्म और शारीरिक गतिविधियों को प्रभावित करता है, वैज्ञानिकों की इस खोज से एनीमिया, कैंसर और अन्य बीमारियों के खिलाफ लड़ाई में नई रणनीति बनाने का रास्ता साफ हुआ है।
नोबेल पुरस्कार कमेटी ने अपने आधिकारिक ट्विटर एकाउंट पर ट्वीट करते हुए लिखा कि बड़ी संख्या में बीमारियों के लिए ऑक्सीजन संवेदन केंद्रीय है। इस वर्ष के नोबेल पुरस्कार विजेताओं द्वारा की गई खोजों का शरीर विज्ञान के लिए मौलिक महत्व है और उन्होंने एनीमिया, कैंसर और कई अन्य बीमारियों से लड़ने के लिए नई रणनीतियों का वादा करने का मार्ग प्रशस्त किया है।