Wednesday, February 19, 2025
Homeसमाचार LIVEजदयू और भाजपा में कोई विवाद नहीं: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह

जदयू और भाजपा में कोई विवाद नहीं: केंद्रीय मंत्री ललन सिंह

जमशेदपुर (हि.स.)। केंद्रीय पंचायती राज, पशुपालन, मत्स्य और डेयरी मंत्री ललन सिंह ने कहा कि भाजपा और जदयू में कोई विवाद नहीं है। जिसकी जमीन खिसकती है, वही नकारात्मक प्रचार करता है, जो कांफिडेंट रहता है, वह सकारात्मक प्रचार करता है। उन्होंने कहा कि कोरोना जैसी महामारी में जमशेदपुर पश्चिमी का विधायक सरकार से मुआवजे की मांग करता है। इससे पता चलता है कि उनकी मानसिकता क्या है, सोच क्या है और दृष्टि कैसी है।

वह शनिवार को साकची स्थित एनडीए के केंद्रीय कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे। ललन सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव, हेमंत सोरेन और अरविंद केजरीवाल, ये तीनों एक ही गठबंधन के हैं और तीनों के साथ खास बात यह रही कि तीनों मुख्यमंत्री रहते जेल गये। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि गठबंधन में कैसे नेता हैं और वर्तमान झारखंड सरकार कैसे घोटालों की सरकार बन बैठी है। उन्होंने कहा कि हम लोग भी चुनाव लड़ रहे हैं। हम लोग देख रहे हैं कि अब कैसे जनता चुप रहती है। वह आपसे कुछ बोलती नहीं। चुपचाप बूथ पर जाती है और वोट मार कर आ जाती है। वोटर बेहद स्मार्ट है।

ललन सिंह ने कहा कि जमशेदपुर पश्चिमी में कांग्रेस नकारात्मक प्रचार कर रही है कि सिलेंडर छाप और कमल छाप अलग चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसा बिल्कुल नहीं है। कमल और सिलेंडर एकजुट, एक-दूसरे के पूरक और एक साथ हैं। कोई भ्रम न पाले। दोनों एक ही हैं। इस तरह का जो कन्फ्यूजन फैला रहे हैं, वो गलत कर रहे हैं। अब नकारात्मक प्रचार का जमाना लद गया।

ललन सिंह ने कहा कि एक झारखंड की सरकार है, जहां घोटाले पर घोटाले हुए और एक बिहार की नीतीश कुमार की सरकार है, जहां 19 साल से नीतीश मुख्यमंत्री हैं लेकिन एक भी भ्रष्टाचार का मामला नहीं आया। इससे पता चलता है कि सुशासन कहां है। उन्होंने नीतीश मॉडल की चर्चा की और बताया कि कैसे नीतीश कुमार ने हर घर को पेयजल दिया और कैसे 22 घंटे बिजली दी।

जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि भाजपा और जदयू में पूर्ण तालमेल है। कोई कन्फ्यूजन न रहे। उन्होंने कहा कि झारखंड और महाराष्ट्र के चुनाव में हरियाणा का इम्पैक्ट दिखेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक वक्त ऐसा भी आया, जब कांग्रेस के नकारात्मक प्रचार ने सभी रिकार्ड ध्वस्त कर दिये लेकिन परिणाम क्या निकला? तमाम एक्जिट पोल्स को धता बताते हुए वहां पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनी।

सरयू राय ने कहा कि यहां के विधायक ने आतंक फैला रखा है। वह अपराधियों को इकट्ठा कर रहे हैं, ताकि वोटरों को डराया जा सके। हम लोग इसका कड़ा प्रतिकार करेंगे।

Related Articles

Latest News