Sunday, March 23, 2025
HomeखेलAsunta Lakra Award for Upcoming Player of the Year: हॉकी की उभरती...

Asunta Lakra Award for Upcoming Player of the Year: हॉकी की उभरती हुई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपिका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छाप छोड़ने को तैयार

Hockey India (हि.स.)। हाल ही में हॉकी इंडिया असुंता लकड़ा अवॉर्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला-अंडर 21) से सम्मानित भारतीय महिला हॉकी की उभरती हुई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दीपिका अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी छाप छोड़ने के लिए तैयार हैं।

हॉकी इंडिया के मुताबिक हरियाणा के हिसार से ताल्लुक रखने वाली 21 वर्षीय दीपिका को इस पुरस्कार के तहत 10 लाख रुपये की नकद राशि भी प्रदान की गई। गोल करने की बेहतरीन क्षमता रखने वाली इस युवा फॉरवर्ड खिलाड़ी ने इस उपलब्धि पर अपनी खुशी जाहिर की।

दीपिका ने कहा, “हॉकी इंडिया असुंता लकड़ा अवॉर्ड फॉर अपकमिंग प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला-अंडर 21) जीतना मेरे करियर का एक बड़ा मील का पत्थर है। इस तरह की मान्यता युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत प्रेरणादायक होती है और यह हमें मैदान पर कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित करती है। यह पुरस्कार सिर्फ मेरा नहीं है, बल्कि मेरी यात्रा में शामिल हर व्यक्ति का है, जिन्होंने मुझे यहां तक पहुंचने में मदद की, और मैं इस समर्थन प्रणाली के लिए तहे दिल से आभारी हूं।”

यह पुरस्कार दीपिका के लिए और भी खास इसलिए था, क्योंकि उसी साल उनके आदर्श, भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान सविता पुनिया को हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर अवॉर्ड फॉर प्लेयर ऑफ द ईयर (महिला) से सम्मानित किया गया। अपने आदर्श सविता पुनिया के प्रति अपनी प्रशंसा व्यक्त करते हुए दीपिका ने कहा, “बहुत कम उम्र में, जब मुझे यह भी नहीं पता था कि खेल एक पेशा हो सकता है, मैं हिसार ट्रेनिंग सेंटर में भारतीय महिला टीम के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट से लौटने पर उनका स्वागत करने जाती थी। खिलाड़ियों के लिए तालियां बजाना और सविता जैसी सितारों को फूलों की माला पहनाना मेरे जीवन के सबसे अनमोल क्षण थे।”

दीपिका ने यह भी बताया कि सविता से मिलने के बाद वह अपनी हॉकी स्टिक को खुद से दूर नहीं रखती थीं और अक्सर उसे अपने साथ लेकर सोती थीं, भारतीय जर्सी पहनने का सपना देखती थीं। अब जब उनका यह सपना पूरा हो चुका है, तो उनका अगला लक्ष्य विश्व कप में पोडियम फिनिश और भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए पहला ओलंपिक पदक जीतना है। आने वाले समय को लेकर दीपिका ने कहा, “इस साल हमारे लिए कई महत्वपूर्ण टूर्नामेंट हैं, खासकर महिला एशिया कप जो विश्व कप योग्यता के लिए भी अहम होगा। पूरी टीम इस टूर्नामेंट के लिए तैयारी कर रही है, और हरेंद्र सर यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि हम अपनी सभी कमजोरियों को दूर करें।”

दीपिका का प्रदर्शन 2022 एशियाई खेलों (हांगझोउ) में कांस्य पदक और 2022 एशिया कप में कांस्य पदक जीतने में अहम रहा। इसके अलावा बिहार महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2024 में भारत की स्वर्ण पदक विजेता टीम की भी वह प्रमुख सदस्य रहीं।

दीपिका ने फाइनल में चीन के खिलाफ एकमात्र गोल दागा और पूरे टूर्नामेंट की शीर्ष स्कोरर रहीं, जिन्होंने 11 गोल किए। 2024 में उन्होंने कुल 26 मैचों में 17 गोल किए, जिससे वह महिला हॉकी की तीसरी सबसे ज्यादा गोल करने वाली खिलाड़ी बनीं। उनसे आगे केवल नीदरलैंड की यिब्बी जानसेन (29 गोल) और बेल्जियम की अंब्रे बालेंघिएन (19 गोल) थीं। भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच हरेंद्र सिंह की टीम का अहम हिस्सा बन चुकीं दीपिका आगामी चुनौतियों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

Related Articles

Latest News

Notifications Powered By Aplu