पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में रचा इतिहास: चीनी खिलाड़ी को हराकर जीता कांस्य पदक

भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। सिंधु ने ब्रांज मेडल मुकाबले में चीन की शटलर हे बिंगजिआओ को सीधे गेम में 21-13, 21-15 से हराया। सिंधु दो ओलंपिक पदक जीतने वाली भारत की पहली बैडमिंटन खिलाड़ी बन गईं हैं।

पीवी सिंधु ने इस मुकाबले में पहले गेम में चीनी खिलाड़ी को 21-13 से हराकर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। इसके बाद उन्होंने दूसरे गेम में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक अपने नाम कर लिया। सिंधु ने चीनी खिलाड़ी बिंग को 52 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 21-15 से हरा दिया।

ये सिंधु का दूसरा ओलंपिक था. इससे पहले रियो में सिंधु ने डेब्यू किया था और रजत पदक जीता था। पहलवान सुशील कुमार के बाद लगातार दो ओलंपिक गेम्स में पदक जीतने वाली सिधु दूसरी भारतीय खिलाड़ी हैं। वहीं भारत के लिए टोक्यो ओलंपिक में यह दूसरा पदक है।