भोपाल (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में सोमवार को मंत्रि-परिषद की बैठक में जल, सौर, पवन और पर्यटन पर अहम निर्णय लिए गए। प्रदेश विधानसभा स्थित समिति कक्ष क्रमांक-1 में हुई बैठक में राज्य जल निगम की समूह पेयजल प्रदाय योजनाओं के संचालन-संधारण व्यय को कम करने के लिये सौर ऊर्जा एवं पवन ऊर्जा परियोजना स्थापित किये जाने के लिये सैद्धांतिक सहमति दे दी गई है।
इसमें परियोजना कैप्टिव मोड पर स्थापित करने एवं उक्त परियोजनाओं से उत्पादित विद्युत को मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा निविदा प्रक्रिया से प्राप्त दर पर क्रय किये जाने की सहमति दी गयी।
वहीं परिषद के सामने जानकारी आई कि मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा 147 समूह पेयजल प्रदाय योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। इनमें से 41 परियोजना पूर्ण हो गई हैं और पेयजल प्रदाय प्रारंभ है। प्रगतिरत 106 योजनाओं में से 11 योजनाओं में आंशिक रूप से पेयजल प्रदाय प्रारंभ है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बैठक में जल निगम को कहा है कि आगामी दो वर्षों में 124 योजनाओं को पूर्ण कर इन योजनाओं में सम्मिलित ग्रामों में क्रियाशील घरेलू नल कनेक्शन से पेयजल प्रदाय सुनिश्चित किया करें, जिस पर जल निगम की ओर से इसे पूरा करने का भरोसा दिलाया गया है।
उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश जल निगम द्वारा समूह योजनाओं के संचालन में वर्तमान में विद्युत आपूर्ति मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी से एचटी कनेक्शन प्राप्त कर की जा रही है। आगामी वर्षों में संचालन-संधारण में आने वाली समूह योजनाओं की ऊर्जा आवश्यकता पूर्ण करने के लिये सौर एवं पवन ऊर्जा परियोजनाएँ स्थापित की जायेंगी। जल निगम सौर ऊर्जा एवं पवन ऊर्जा परियोजनाओं से उत्पादित शत-प्रतिशत विद्युत का उपयोग करेगा।
राजगढ़ पैलेस को अतिरिक्त भूमि आवंटन की स्वीकृति-
इसके साथ ही एक अहम निर्णय में मंत्रि-परिषद द्वारा राजगढ़ पैलेस होटल एण्ड रिसोर्ट (ईआईएचएल) द्वारा मांगी गई भूमि कुल रकबा 19.214 एकड़ वर्तमान कलेक्टर गाइड लाइन की असिंचित कृषि भूमि दर पर दिये जाने का अनुमोदन प्रदान किया गया। प्रस्तावित पर्यटन परियोजना में योगा सेंटर, वेलनेस सेंटर तथा जिम्नेजियम तथा अन्य पर्यटन गतिविधियों की स्थापना एवं संचालन किया जायेगा।
ज्ञात हो कि यूनेस्को (यूएनईएससीओ) की वर्ल्ड हैरिटेज सूची में दर्ज खजुराहो विश्व विख्यात पर्यटन स्थल है। खजुराहो से लगभग 20 किलोमीटर की दूरी पर राजगढ़ पैलेस ग्राम राजगढ़ तहसील राजनगर उत्तरपुरा पन्ना रोड पर स्थित है।