Tuesday, September 17, 2024
Homeटॉप न्यूजराज्यसभा उपचुनाव में भाजपा के नौ सदस्य और सहयोगी दलों के दो...

राज्यसभा उपचुनाव में भाजपा के नौ सदस्य और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए, एक सीट कांग्रेस के खाते में

नई दिल्ली (हि.स.)। राज्यसभा उपचुनाव के लिए नाम वापस लेने का मंगलवार को आखिरी दिन था चूंकि किसी भी उम्मीदवार के सामने किसी ने नामांकन नहीं भरा था तो, इस उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के नाै सदस्य और उसके सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए। इस नौ सदस्यों के साथ राज्यसभा में भाजपा के 96 सदस्य हो गए हैं, जबकि एक सीट पर कांग्रेस का एक सदस्य निर्वाचित हुआ जिसके बाद कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 85 हो गई है। निर्विरोध चुने जाने वाले दो अन्य सदस्यों में एनडीए के सहयोगी एनसीपी (अजित पवार गुट) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) के एक-एक सदस्य शामिल हैं।

निर्विरोध चुने गए भाजपा उम्मीदवारों में असम से मिशन रंजन दास और रामेश्वर तेली, बिहार से मनन कुमार मिश्रा, हरियाणा से किरण चौधरी, मध्य प्रदेश से जॉर्ज कुरियन, महाराष्ट्र से धीर शील पाटिल, ओडिशा से ममता मोहंता, राजस्थान से रवनीत सिंह बिट्टू और त्रिपुरा से राजीव भट्टाचार्य शामिल हैं जबकि उनके सहयाेगी दल एनसीपी (अजित पवार गुट) के नितिन पाटिल महाराष्ट्र से और आरएलएम के उपेंद्र कुशवाहा बिहार से उच्च सदन में पहुंचे। वहीं, कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी तेलंगाना से निर्विरोध चुने गए।

उल्लेखनीय है कि राज्यसभा में 245 सीटें हैं, हालांकि वर्तमान में आठ रिक्तियां हैं-चार जम्मू और कश्मीर से और चार नामित। सदन में वर्तमान में कुल सदस्याें की संख्या 237 है। इस हिसाब से बहुमत का आंकड़ा 119 है। सत्तारूढ़ एनडीए आज राज्यसभा में बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच गया है क्योंकि उच्च सदन के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा के नौ सदस्य और सहयोगी दलों के दो सदस्य निर्विरोध चुने गए। नौ सदस्यों के साथ, भाजपा की ताकत 96 हो गई है, जिससे उच्च सदन में एनडीए के सदस्यों की संख्या 112 हो गई है।

संबंधित समाचार

ताजा खबर