Saturday, October 12, 2024
Homeटॉप न्यूजटेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने की सन्यास की घोषणा, कहा- डेविस कप...

टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने की सन्यास की घोषणा, कहा- डेविस कप फाइनल होगा आखिरी मैच

नई दिल्ली (हि.स.)। स्पेन के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी राफेल नडाल ने संन्यास का ऐलान कर दिया है। 38 साल के नडाल ने गुरुवार को एक इमोशनल वीडियो जारी करते इस बात की जानकारी दी। 22 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन राफेल नडाल ने सभी को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से एक कठिन निर्णय है, जिसे लेने में मुझे कुछ समय लगा है लेकिन इस जीवन में, हर चीज की शुरुआत और अंत होता है। इसी के साथ उन्होंने बताया कि उनका आखिरी मैच डेविस कप फाइनल होगा।

सोशल मीडिया एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने कहा कि हेलो दोस्तों, मैं आपको यह बताने आया हूं कि मैं पेशेवर टेनिस से संन्यास ले रहा हूं। मेरे लिए पिछले कुछ वर्ष कठिन रहे हैं, विशेषकर पिछले दो वर्ष। दिग्गज खिलाड़ी ने आगे कहा कि मैं बहुत उत्साहित हूं कि मेरा आखिरी टूर्नामेंट डेविस कप का फाइनल होगा, जिसमें मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व करूंगा। मुझे लगता है कि यह एक चक्र पूरा हो रहा हैं, क्योंकि एक पेशेवर टेनिस खिलाड़ी के रूप में मेरी पहली सबसे बड़ी खुशी 2004 में सेविले में डेविस कप फाइनल था। इसी के साथ उन्होंने पूरे टेनिस जगत को धन्यवाद दिया। डेविस कप के नॉकआउट राउंड्स 19 से 24 नवंबर के बीच खेले जाएंगे।

22 ग्रैंड स्लैम खिताब किए अपने नाम

38 साल के नडाल की गिनती दुनिया के महान टेनिस खिलाड़ियों में होती है। वह सर्बिया के नोवाक जोकोविच के बाद दूसरे सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने वाले टेनिस खिलाड़ी हैं। नडाल ने अपने करियर में कुल 22 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए हैं, जो टेनिस में एक बड़ी उपलब्धि है। उनसे आगे केवल सर्बिया के नोवाक जोकोविच हैं, जिन्होंने अब तक सबसे ज्यादा 24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीते हैं। इसके अलावा नडाल ने 2008 ओलंपिक में टेनिस में सिंगल्स कैटेगिरी में स्वर्ण पदक जीता, वहीं 2016 में रियो ओलंपिक में डबल्स में स्वर्ण अपने नाम किया।

नडाल ने कब-कब जीते 22 ग्रैंड स्लैम

ऑस्ट्रेलियन ओपन: साल 2009, 2022

फ्रेंच ओपन: साल 2005, 2006, 2007, 2008, 2010, 2011, 2012, 2013, 2014, 2017, 2018, 2019, 2020, 2022

विंबलडन: साल 2008, 2010

यूएस ओपन: साल 2010, 2013, 2017, 2019

संबंधित समाचार

ताजा खबर