जम्मू कश्मीर में शहरी निकाय चुनाव में 959 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित कर दिये गए हैं, जिनमे भाजपा को 312, कांग्रेस को 267 तथा 363 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई है। शनिवार को हुई मतगणना में जम्मू के 520 सीटों में से 212 सीटों पर भाजपा की जीत हुई। इसके साथ ही भाजपा ने जम्मू के 10 जिलों पर जीत हासिल की है। वहीं कश्मीर घाटी में 624 में से 157 वार्डों में जीत हासिल करके कांग्रेस एक बड़ी विजेता पार्टी बन कर उभरी। इसके अलावा कांग्रेस ने लद्दाख में भी अच्छा प्रदर्शन किया।
शनिवार को आए चुनाव परिणाम में जम्मू इलाके में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 185 वार्डों में जीत हासिल की। वहीं कश्मीर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने कांग्रेस के बाद 110 सीट हासिल की है। जम्मू कश्मीर नेशनल पैंथर्स ने 13 सीटों पर जीत हासिल की। ज्ञात रहे कि राज्य की मुख्य पार्टियों नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी ने इस चुनाव का बायकॉट कर दिया था।
भाजपा ने जम्मू जिले में 154 में से 92 सीटों पर जीत हासिल की। राजौरी में 63 में से 23 सीट, रइसी जिले में 26 में से 13 सीट और कठुआ में 80 में से 34 सीट हासिल की है। अन्य जिलों में पार्टी ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया। जम्मू के अन्य भागों में खासकर पुराने शहरों में भाजपा को निर्दलीयों के सामने हार का मुंह देखना पड़ा। कांग्रेस ने जम्मू जिले में 28 सीटों पर जीत हासिल की। बीजेपी ने 75 वार्ड वाले जम्मू नगर निगम में 43 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की। इन्हीं क्षेत्र में कांग्रेस और निर्दलीयों ने क्रमश: 14 और 18 सीट हासिल की है।